बिहार में बंद पुल पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने पर FIR दर्ज

बिहार के बक्सर में सुरक्षा कारणों से बंद रेलवे ओवरब्रिज पर जन्मदिन की पार्टी करना आयोजक को महंगा पड़ गया. 26.4 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल पर पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

calender

पटना: बिहार के बक्सर जिले में सुरक्षा कारणों से बंद किए गए एक रेलवे ओवरब्रिज पर जन्मदिन का जश्न मनाना एक परिवार को भारी पड़ गया. पुल पर आयोजित पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद यह सवाल भी उठने लगे हैं कि आम लोगों के लिए बंद घोषित किए गए पुल तक लोगों की पहुंच कैसे हुई.

बक्सर-इतरही ओवरब्रिज की तकनीकी खामियां

जानकारी के मुताबिक, यह मामला बक्सर-इतरही रेलवे ओवरब्रिज का है. करीब 26.4 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल में निर्माण के कुछ समय बाद ही तकनीकी खामियां सामने आई थीं. इंजीनियरों की जांच के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 5 जून से इस पुल पर लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी.

11 जुलाई को बंद पुल पर भव्य जश्न

इसके बावजूद 11 जुलाई को पुल पर एक भव्य जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया. वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग पुल पर केक काटते, डांस करते और तेज आवाज में संगीत बजाते दिखाई दे रहे हैं. आयोजन के लिए मंच भी लगाया गया था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठाए। यह पुल पहले से ही चर्चा में था, क्योंकि उद्घाटन के करीब तीन महीने के भीतर ही इसमें तकनीकी खामियां मिलने लगी थी. ऐसे में बंद पड़े पुल पर सार्वजनिक कार्यक्रम होने से सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं.

आयोजक के खिलाफ FIR दर्ज

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजक राकेश कुमार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. उनके विरुद्ध विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद कार्यक्रम के लिए अनुमति किसने दी या फिर बिना अनुमति के लोग वहां कैसे पहुंचे. साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई. 

बता दें, वायरल वीडियो के बाद स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि पुल को असुरक्षित मानकर बंद किया गया था, तो वहां इस तरह का सार्वजनिक आयोजन होना गंभीर सुरक्षा चूक का संकेत है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. First Updated : Thursday, 16 July 2026

Topics :