छपरा में लाइब्रेरी जा रही छात्रा के साथ गैंगरेप, 3 के खिलाफ मामला दर्ज, एक गिरफ्तार

छपरा में पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी जा रही एक छात्रा के साथ को साथ तीन युवक ने कथित सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मामले में कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आ रही है.

Shraddha Mishra

छपरा: बिहार के छपरा जिले से एक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी जा रही एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है, वहीं पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

जानकारी के अनुसार, मामला छपरा जिले के एकमा थाना क्षेत्र का है. पीड़िता दाऊदपुर इलाके के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है. रविवार को वह अपने गांव के ही एक युवक के साथ बाइक से हंसराजपुर स्थित पाठशाला लाइब्रेरी पढ़ने के लिए जा रही थी. बताया गया है कि जब दोनों गंजपर के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तभी दूसरी बाइक पर सवार दो युवक वहां आए और उन्होंने दोनों को जबरन रोक लिया. आरोप है कि युवकों ने चाकू दिखाकर छात्रा को धमकाया और उसे सड़क किनारे झाड़ियों की ओर ले गए.

आरोपियों ने अपने एक और साथी को बुलाया

पीड़िता के अनुसार, घटना के दौरान आरोपियों में से एक ने फोन कर अपने एक और साथी को मौके पर बुला लिया. इसके बाद दो युवकों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. घटना के दौरान छात्रा लगातार चिल्लाती रही और मदद की गुहार लगाती रही. शोर सुनकर किसी के आने की आशंका के कारण आरोपी वहां से फरार हो गए. घटना के बाद छात्रा काफी डरी हुई हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई.

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों के नाम और पते नहीं जानती, लेकिन वह उन्हें देखकर पहचान सकती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

एसआईटी गठित, एक किशोर हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया है. यह टीम एसडीपीओ राज कुमार के नेतृत्व में जांच कर रही है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है और बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. सोमवार को एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. 

टीम ने वहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है ताकि किसी भी आरोपी को बचने का मौका न मिले. घटना के बाद छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.

डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार सोमवार को एकमा थाना पहुंचे और मामले की समीक्षा की. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जांच की प्रगति की जानकारी ली. डीआईजी ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच में तेजी लाई जाए और सभी जरूरी साक्ष्य जल्द जुटाए जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि मामले को स्पीडी ट्रायल में चलाया जाएगा, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो