पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. सदन में बहस के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर तंज कसे. इस बीच नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को "बच्चा" कहकर खूब समझाया, जिससे सदन का माहौल और गरमा गया. नीतीश कुमार की एक लाइन ने तेजस्वी यादव को और गुस्से में लाल कर दिया.
बजट सत्र में तेजस्वी यादव ने सरकार पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रहा है. इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पलटवार किया और पूछा, "आप लोगों ने अब तक क्या काम किया है?" तेजस्वी यादव बीच-बीच में टोकते रहे, जिससे बहस और तेज हो गई.
तेजस्वी ने बीजेपी विधायक सुनील कुमार पिंटू पर भी पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए तंज कसा. उन्होंने इशारों में कहा कि "दो बार आपको मुख्यमंत्री बनाने में हमारी भूमिका रही है, याद है ना?"
नीतीश कुमार ने मुस्कुराते हुए तेजस्वी यादव को संबोधित किया. उन्होंने कहा, "बैठो न बच्चा, तुमको तो हम मानते हैं न. तुम्हारे पिता मेरे समय के हैं न, अब तो तुम्हारा भी बच्चा है." यह बात कहते हुए नीतीश कुमार ने तेजस्वी को चुप रहने और बैठने की सलाह दी. सदन में हल्का शोरगुल हुआ, लेकिन मुख्यमंत्री का यह तंज राजनीतिक हलकों में छाया रहा.
अपने भाषण में नीतीश कुमार ने 2005 से पहले की स्थिति याद दिलाई. उन्होंने कहा कि उस समय शाम होते ही लोग घर से निकलने से डरते थे, अपराध चरम पर था. अब कानून का राज है. बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा में बड़ा बदलाव आया है.
पहले राज्य में सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे, अब 12 हैं और 27 नए बन रहे हैं. पटना मेडिकल कॉलेज को 5400 बेड वाला आधुनिक संस्थान बनाया जा रहा है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में औसतन 11,600 मरीजों का इलाज हो रहा है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने पांच साल में एक करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य रखा है. महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए पहले 10 हजार रुपये की मदद दी गई, अब दो लाख तक की योजना है. सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र बनाए जा रहे हैं. कृषि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. केंद्र सरकार के सहयोग से कई योजनाएं चल रही हैं. "सात निश्चय 3.0" के तहत 2025 से 2030 तक विकास की रफ्तार और तेज होगी.
नीतीश कुमार ने विपक्ष पर विधायकों को तोड़ने की कोशिश का आरोप लगाया. तेजस्वी यादव लगातार बीच में बोलते रहे. सदन में कई बार शोर मचा. कुल मिलाकर, बजट सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी ने सबका ध्यान खींचा. First Updated : Thursday, 05 February 2026