बिहार की कुर्सी पर बड़ा खेल! JDU की बैठक से पहले ललन सिंह ने CM पद और नीतीश कुमार को लेकर कह दी ये बात

बिहार में सीएम की कुर्सी को लेकर अफरा-तफरी मची पड़ी है. हाल ही में नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है. इसके लिए JDU की बैठक होने वाली है, लेकिन उससे पहले ललन सिंह ने बड़ा बयान दे दिया है.

Sonee Srivastav

पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आने वाला है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है. राज्यसभा सांसद बनने के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे. ऐसे में बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा.

इस बीच जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री खुद नीतीश कुमार ही चुनेंगे.

ललन सिंह का स्पष्ट बयान

शुक्रवार शाम को पटना में नीतीश कुमार के आवास पर जदयू विधान मंडल दल की अहम बैठक बुलाई गई थी. बैठक में शामिल होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए ललन सिंह ने कहा, "बिहार में हर फैसला नीतीश कुमार की मर्जी से होता है. 

आज तक कोई भी निर्णय उनकी इच्छा के खिलाफ नहीं हो सका." उन्होंने आगे कहा कि नए मुख्यमंत्री का चयन भी नीतीश कुमार के निर्देश पर ही होगा. ललन सिंह ने यह भी जोड़ा कि पार्टी नीतीश की बनाई हुई है, इसलिए अंतिम फैसला उनका ही होगा.

नीतीश का राज्यसभा जाने का फैसला

नीतीश कुमार ने गुरुवार को एनडीए नेताओं की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन किया. गृह मंत्री अमित शाह भी पटना पहुंचे थे. नामांकन के दौरान अमित शाह ने नीतीश की छवि को बेदाग बताया और कहा कि उनका बिहार में कार्यकाल स्वर्णिम रहा.

अब वे केंद्रीय राजनीति में वापस लौट रहे हैं. नीतीश ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वे संसद और विधानमंडल के दोनों सदनों का सदस्य बनना चाहते थे. इसलिए राज्यसभा जा रहे हैं.

पार्टी में मिश्रित प्रतिक्रियाएं

जदयू में नीतीश के इस फैसले पर कुछ विरोध भी दिख रहा है. शुक्रवार को जदयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और नीतीश से राज्यसभा जाने पर पुनर्विचार करने की अपील की. कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कालिख पोत दी.

ललन सिंह ने इस पर कहा कि जो नीतीश के स्वभाव को नहीं जानते, वही ऐसा कर सकते हैं. उन्होंने विपक्ष के उन आरोपों को भी खारिज किया जिसमें कहा जा रहा था कि भाजपा नीतीश को राज्यसभा भेजकर साजिश कर रही है.

मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा तेज 

सीएम आवास पर बुलाई गई बैठक में जदयू के सभी विधायक, एमएलसी, सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हुए. इसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा हुई. ललन सिंह के बयान से साफ है कि नीतीश की मर्जी के बिना कोई बड़ा फैसला नहीं होगा.

बिहार में अगला मुख्यमंत्री जदयू या भाजपा से हो सकता है, लेकिन यह भी नीतीश ही तय करेंगे. राजनीतिक हलचल जारी है और जल्द ही नया नाम सामने आ सकता है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag