पटना: बिहार की राजधानी पटना में महाशिवरात्रि के पावन दिन भी अपराधियों का खौफ कम नहीं हुआ. रविवार को रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक पर दिनदहाड़े दो युवकों पर गोलीबारी की गई. हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है.
घायल युवकों की पहचान बिट्टू कुमार और पिंटू कुमार के रूप में हुई है. दोनों दोस्त स्कॉर्पियो गाड़ी से शेखपुरा से रामकृष्ण नगर पहुंचे थे. शिवाजी चौक के पास एक चाय की दुकान पर बैठे थे. तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर गोलियां चला दी.
गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे और अफरा-तफरी मच गई.
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया है. दोनों की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है. सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 रंजन कुमार सिंह और रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने इलाके की गश्त बढ़ा दी है.
पुलिस की शुरुआती जांच में ये मामला पुरानी आपसी रंजिश या विवाद से जुड़ा लग रहा है. बताया जा रहा है कि एक साल पहले भी इन दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके. एसडीपीओ ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
पटना में महाशिवरात्रि जैसे त्योहार के दिन ऐसी घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. पुलिस का दावा है कि अपराधियों पर नकेल कसी जाएगी, लेकिन आम लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. जांच जारी है और जल्द ही मामले में कोई बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है. First Updated : Sunday, 15 February 2026