बिहार-यूपी बॉर्डर पर शराब तस्करों का आतंक, चौकी इंचार्ज को कुचलते हुए भागने की कोशिश
बिहार-यूपी बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान शराब तस्करों ने फिल्मी अंदाज में बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की. इस दौरान चौकी इंचार्ज को कुचलने का प्रयास किया गया, जिससे वे घायल हो गए. पुलिस ने पीछा कर 20 पेटी अवैध शराब समेत दो तस्करों को दबोच लिया.

बिहार: बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर शराब तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि वाहन जांच के दौरान उन्होंने पुलिस चौकी इंचार्ज को ही कुचलने का प्रयास कर दिया. मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. घटना के दौरान तेज रफ्तार कार में सवार तस्करों ने बैरिकेडिंग तोड़कर भागने की कोशिश की. हालांकि पुलिसकर्मियों की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
कब और कैसे हुआ हमला?
जानकारी के मुताबिक भिंगारी बाजार स्थित पुलिस चौकी के पास बुधवार को जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान शिवराजपुर की ओर से तेज गति में आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया. आरोप है कि कार सवार तस्करों ने चौकी इंचार्ज जय सिंह यादव को जान से मारने की नीयत से उन पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की. इसके बाद आरोपी बैरियर तोड़कर भागने लगे.
बैरियर से टकराई कार, तस्करों की कोशिश नाकाम
पुलिसकर्मियों की तत्परता के चलते कार बैरियर से टकराकर रुक गई और तस्करों की भागने की योजना विफल हो गई. घटना में चौकी इंचार्ज जय सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
कार से बरामद हुई 20 पेटी अवैध शराब
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 20 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई. बरामद शराब की मात्रा करीब 180 लीटर बताई जा रही है. मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों की पहचान गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव निवासी शिवकुमार यादव और गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र निवासी विशाल कुशवाहा के रूप में हुई है.
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
सीओ भाटपार रानी अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.


