उज्जैनी से मिलने के लिए जबरन घर में घुसे तेज प्रताप, अनुष्का के भाई ने कोर्ट में किया केस

आकाश ने बताया कि पहले उन्होंने पाटलिपुत्रा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन FIR दर्ज न होने पर अब कोर्ट का सहारा लिया है। उनके मुताबिक शिकायत के साथ उनके पास सबूत भी मौजूद हैं।

calender


नई दिल्ली: RJD अध्यक्ष लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। अनुष्का के भाई आकाश यादव ने तेज प्रताप के खिलाफ पटना कोर्ट में नालसी मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि तेज प्रताप 6 जून की रात उनकी भांजी उज्जैनी से मिलने जबरन घर में घुस आए थे।  

आकाश ने बताया कि पहले उन्होंने पाटलिपुत्रा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन FIR दर्ज न होने पर अब कोर्ट का सहारा लिया है। उनके मुताबिक शिकायत के साथ उनके पास सबूत भी मौजूद हैं।  

जबर्दस्ती घर में घुसने का आरोप   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आकाश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि जब वो 6 जून को राजस्थान में थे, तब रात के समय तेज प्रताप अपने पीए मोतीलाल यादव के साथ उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि तेज प्रताप अक्सर बिना बताए घर आ जाते हैं और डर की वजह से परिवार उन्हें रोक नहीं पाता।  

उस रात भी उन्होंने उज्जैनी से मिलने के लिए जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। जब मां और बहन ने गेट नहीं खोला तो शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में घुस गए और काफी देर तक वहीं रुके रहे।  

धमकी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का जिक्र   

आकाश ने बताया कि पटना से सूचना मिलने पर उन्होंने मोतीलाल को फोन करके पूछताछ की। थोड़ी देर बाद मोतीलाल ने फोन तेज प्रताप को दे दिया। आरोप है कि फोन पर तेज प्रताप ने धमकी दी कि अगर उज्जैनी से मिलने से रोका तो भांजी का अपहरण करवा देंगे।  

इसके बाद मोतीलाल ने दोबारा फोन करके पूरी बात गोपनीय रखने को कहा। आकाश का दावा है कि उसी रात एक विदेशी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आदमी बताया और कहा कि अगर तेज प्रताप के खिलाफ पुलिस में गए तो गोली मार दी जाएगी।  

पुराना विवाद फिर आया सामने   

अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी का जन्म फरवरी के पहले हफ्ते में हुआ था। उस समय तेज प्रताप ने कहा था कि उनका नाम जानबूझकर बदनाम करने के लिए जोड़ा जा रहा है और अनुष्का का संबंध आकाश भाटी नाम के शख्स से है।  

तेज प्रताप और अनुष्का का मामला कुछ समय से शांत था, लेकिन अब आकाश के कोर्ट जाने से ये फिर चर्चा में आ गया है। पहले तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर अनुष्का के साथ फोटो शेयर कर कहा था कि दोनों कई सालों से रिलेशनशिप में हैं। बाद में पोस्ट डिलीट कर दी गई और तेज प्रताप ने इसे हैकिंग बताया था।  

इस मामले के बाद लालू यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से अलग कर दिया था। हालांकि हाल के दिनों में दोनों के बीच रिश्ते थोड़े सामान्य होते दिखे हैं। तेज प्रताप हाल ही में तेजस्वी यादव के बेटे इराज के जन्मदिन पर गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।   First Updated : Thursday, 18 June 2026