हल्दी बड़े भाई के नाम की, शादी छोटे भाई से... बिहार की इस शादी में WhatsApp मैसेज ने मचा दिया बवाल
बिहार के बगहा में एक शादी उस वक्त चर्चा में आ गई, जब हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे की कथित पहली पत्नी का WhatsApp मैसेज सामने आ गया. विवाद इतना बढ़ा कि आखिरकार बड़े भाई की जगह छोटे भाई को दूल्हा बनाकर शादी कराई गई.

पटना: बिहार के बगहा जिले में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे की कथित पहली पत्नी सामने आ गई. जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक विवाद, पंचायत और समझौते का माहौल बन गया. मामला ठकरहा थाना क्षेत्र के नवका टोला बेलवारीपट्टी गांव का बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ललन चौधरी ने अपने बड़े बेटे की शादी गोपालगंज की एक युवती से तय की थी. घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और अगले दिन बारात निकलनी थी. इसी बीच एक व्हाट्सऐप मैसेज ने पूरे मामले को बदलकर रख दिया.
एक मैसेज ने बदल दिया शादी का माहौल
बताया जा रहा है कि दुल्हन पक्ष के मोबाइल पर एक महिला का व्हाट्सऐप मैसेज आया. महिला ने खुद को दूल्हे की पत्नी बताया और युवक के साथ अपनी तस्वीरें तथा रिश्ते से जुड़े कथित सबूत भी भेजे.
महिला का दावा था कि वह पिछले करीब नौ वर्षों से युवक के साथ रह रही थी और उनके तीन बच्चे भी हैं. यह जानकारी मिलते ही दुल्हन पक्ष के लोग तुरंत गांव पहुंचे और शादी वाले घर में हड़कंप मच गया.
शुरू हुई पंचायत और आरोप-प्रत्यारोप
मामले के सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच सवाल-जवाब और बहस शुरू हो गई. गांव के लोग, रिश्तेदार और परिजन घंटों तक पंचायत में जुटे रहे. शादी टूटने की स्थिति बन गई थी.
बताया जा रहा है कि लड़के के परिवार को इस रिश्ते की जानकारी पहले से थी, लेकिन लड़की पक्ष इससे पूरी तरह अनजान था. वहीं खुद को पहली पत्नी बताने वाली महिला ने इंसाफ की मांग करते हुए थाने में आवेदन देने की बात कही.
रातोंरात बदल गया दूल्हा
घंटों चली पंचायत के बाद ऐसा फैसला लिया गया, जिसने सभी को चौंका दिया. बड़े भाई की जगह छोटे भाई से युवती की शादी कराने का प्रस्ताव रखा गया.
शुरुआत में लड़की पक्ष ने इस फैसले का विरोध किया, लेकिन बाद में सामाजिक परिस्थितियों और बेटी के भविष्य को देखते हुए सहमति बन गई. इसके बाद शादी की पूरी व्यवस्था बदल दी गई.
जिस युवक के नाम की हल्दी की रस्म हुई थी, उसकी जगह छोटे भाई को दूल्हा बनाया गया. फिर उसी मंडप में छोटे भाई ने सेहरा बांधा और बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा.
गांव में चर्चा का विषय बना मामला
पूरे गांव में यह अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इस घटना की तुलना फिल्मी कहानी से कर रहे हैं. वहीं पुलिस कथित पहली पत्नी के दावों और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.


