ढाई दशक बाद दिल्ली में सरकार बना सकती है BJP, Exit Polls किस ओर कर रहे इशारा?
कई बार एग्जिट पोल के नतीजे गलत भी साबित हुए हैं. असली नतीजे शनिवार को वोटों की गिनती के बाद आएंगे. हालांकि आप ने एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज कर दिया है, जबकि कांग्रेस ने टीवी पर एग्जिट पोल की बहस में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है.

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को वोटिंग हुई. चुनाव आयोग के अनुसार, केंद्रशासित प्रदेश में इस बार 60.44 प्रतिशत मतदान हुआ है. मतदान के बाद एग्जिट पोल के नतीजे भी सामने आ चुके हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) राजधानी में पिछले ढाई दशक के सत्ता के सूखे को खत्म करने की ओर बढ़ रही है. वहीं सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी (AAP) की लगातार तीसरी बार सरकार बनने की उम्मीदें खत्म हो सकती हैं. बता दें कि दिल्ली विधानसभा में 70 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 36 है.
बताते चलें कि कई बार एग्जिट पोल के नतीजे गलत भी साबित हुए हैं. असली नतीजे शनिवार को वोटों की गिनती के बाद आएंगे. हालांकि आप ने एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज कर दिया है, जबकि कांग्रेस ने टीवी पर एग्जिट पोल की बहस में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है.
किस एग्जिट पोल में बीजेपी को बहुमत
1.पी-मार्क एग्जिट पोल ने बीजेपी को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है. एजेंसी ने बीजेपी को 39-39 सीटें, आप को 21-31 सीटें और कांग्रेस को 0-1 सीट दी है.
2. पीपुल्स पल्स ने भी बीजेपी को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है. एजेंसी ने बीजेपी को 51-60 सीटें और आप को 10-19 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है.
3. एनडीटीवी के पोल ऑफ एग्जिट पोल में भी बीजेपी को 41 सीटें, आप को 28 और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है.
4. पोल डायरी ने बीजेपी को 42 से 50, आप को 18 से 25 और कांग्रेस को 0 से 2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है.
5. चाणक्य स्ट्रेटजीस ने बीजेपी को 39 से 44, आप को 25 से 28 और कांग्रेस को 2 से 3 सीटें मिलती दिखाई हैं.
6. पीपल्स इनसाइट के सर्वे के हिसाब से बीजेपी को 40 से 44, आप को 25 से 29 और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिल सकती है.
7. टाइम्स नाउ-जेपीसी के सर्वे की अगर मानें तो बीजेपी को 39 से 45, आप को 22 से 31 औऱ कांग्रेस को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं.
8. डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल में बीजेपी को 36 से 44 सीटें, आप को 26 से 34 और कांग्रेस को जीरो सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है.
9. एसएएस ग्रुप के सर्वे में बीजेपी को 38 से 41, आप को 37 से 30 और कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिलती दिखाई गई हैं.
10. अब पोल ऑफ एग्जिट पोल को देखें तो इसके हिसाब से आम आदमी पार्टी को 37 से 31, भारतीय जनता पार्टी को 36 से 42 और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिल सकती है.
दोनों पार्टियों ने किए ये बड़े वादे
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लॉ एंड ऑर्डर के साथ-साथ मुफ्त के मुद्दे पर चुनाव लड़ा है. AAP संजोयक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव पूर्व कई वादे किए हैं, जिसमें छात्रों को बस में यात्रा मुफ्त, किराएदारों के लिए बिजली मुफ्त, बढ़े हुए बिजली और पानी के बिल माफी के साथ-साथ महिलाओं को 2100 रुपये महीने देने का भी वादा किया है.
वहीं, बीजेपी ने भी आम आदमी पार्टी की तरह ही चुनाव में कई सारी घोषणाएं की हैं. बीजेपी ने कहा कि सरकार बनते ही गर्भवती महिलाओं को 21000 रुपये आर्थिक सहायता, महिलाओं की समृद्धि के तहत 2500 रुपये, एलपीजी गैस सिलेंडर पर 500 रुपए की सब्सिडी,होली और दिवाली पर एक - एक सिलेंडर एक्स्ट्रा देने का वादा किया है.


