असम के लिए BJP का घोषणापत्र जारी: जमीन जिहाद पर लगेगी लगाम, 5 लाख करोड़ निवेश का वादा
असम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी ने ‘जमीन जिहाद’ पर सख्त रोक लगाने का बड़ा वादा किया है, साथ ही राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का भी आकर्षक वादा किया है.

असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना ‘घोषणा पत्र’ जारी कर दिया है. मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुवाहाटी में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसमें सत्ता में वापसी पर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश और जमीन जिहाद पर सख्त रोक का बड़ा वादा किया गया है.
गुवाहाटी स्थित असम बीजेपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जारी इस संकल्प पत्र को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया और अन्य नेताओं की मौजूदगी में पेश किया गया. इस मौके पर निर्मला सीतारमण ने कहा कि बीजेपी सरकार में असम की अर्थव्यवस्था का तेजी से विकास हुआ है.
असम की अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व प्रगति
निर्मला सीतारमण ने कहा कि पिछले 10 साल में प्रदेश की जीडीपी करीब तीन गुना बढ़ गई है. उन्होंने आगे कहा, प्रति व्यक्ति आय भी 2020-21 में 1 लाख 3 हजार रुपये से बढ़कर 2024-25 में 1 लाख 59 हजार रुपये पहुंच गई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि असम में 10 साल में ऐसा बदलाव आया है, जो कांग्रेस के छह दशकों के शासन में भी संभव नहीं हो पाया.
युवाओं के लिए आधुनिक इकोसिस्टम का वादा
निर्मला सीतारमण ने कहा कि युवाओं के लिए हम सिर्फ रोजगार नहीं बना रहे, बल्कि ऐसा आधुनिक और वैश्विक स्तर का इकोसिस्टम तैयार कर रहे हैं कि दुनिया भर में मौजूद असमिया प्रतिभाएं अब अपने प्रदेश वापस लौटना चाहती हैं. उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 50 साल में ब्रह्मपुत्र नदी पर तीन बड़े पुल बने थे और बीजेपी की सरकार में केवल 10 वर्षों में ही नौ पुल बनाए गए हैं. निर्मला सीतारमण ने कहा कि पांच और पुल अभी निर्माणाधीन हैं.
यूसीसी, लव जिहाद पर सख्त एक्शन और रोजगार के वादे
बीजेपी ने असम में समान नागरिक संहिता लागू करने और दो लाख नौकरियां देने का भी वादा किया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने यह भी स्पष्ट किया कि छठी अनुसूची में शामिल क्षेत्रों के साथ ही अनुसूचित जनजाति के क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाएगा.
लव जिहाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और असम को बाढ़मुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे. सरकार गठन के बाद शुरुआती दो वर्ष में बाढ़मुक्त असम के निर्माण के लिए 18 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
सीएम ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज, वन यूनिवर्सिटी, वन इंजीनियरिंग कॉलेज’ को अपना लक्ष्य बताया और कहा कि अगले पांच साल में हम दो लाख रोजगार देंगे. वहीं, असम बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि 'सुरक्षित असम, विकसित असम' का निर्माण बीजेपी का लक्ष्य है. उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश से मिले कुल दो लाख 45 हजार सुझावों को समेटकर पार्टी ने यह संकल्प पत्र तैयार किया है.
#BJPSankalp4VikasitAssam https://t.co/k5ZXo9a4Us
— BJP Assam Pradesh (@BJP4Assam) March 31, 2026
असम के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह संकल्प पत्र बीजेपी ने नहीं, असम की जनता ने तैयार किया है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य असम को देश का सबसे मजबूत राज्य बनाना है. गौरतलब है कि असम विधानसभा की सभी 126 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान हो रहा है. असम की अगली सरकार चुनने के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा. इन सीटों के लिए चुनाव प्रचार 7 अप्रैल को थम जाएगा. चुनाव नतीजे 4 मई को आएंगे.


