CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार, बिहार से यूपी लेकर जा रही पुलिस
सीएम योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक मौलाना को भारी पड़ गया. यूपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है.

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक मौलाना को भारी पड़ गया. इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मौलाना अब्दुल्ला सलीम को बिहार के पूर्णिया जिले से गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तारी के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मौलाना को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों राज्यों की पुलिस अलर्ट मोड पर है और मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद
मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब मौलाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. इस वीडियो में वह एक मजहबी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और उनकी मां को लेकर विवादित बयान देते नजर आए.
वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. कई संगठनों ने इसे भड़काऊ और असंवेदनशील बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
लखनऊ में विरोध प्रदर्शन और पोस्टरबाजी
विवाद बढ़ने के बाद राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में युवाओं ने प्रदर्शन किया. परिवर्तन चौक और गांधी पार्क के आसपास मौलाना के खिलाफ पोस्टर लगाए गए और गिरफ्तारी की मांग की गई.
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने एहतियातन पोस्टर हटवाए और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया.
120 से ज्यादा शिकायतें दर्ज
बताया जा रहा है कि मौलाना ने अपने बयान में उत्तर प्रदेश में लागू गौकशी कानूनों को लेकर तीखी टिप्पणी की थी. इसके बाद उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए.
सूत्रों के अनुसार, उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश में 120 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई थीं. गिरफ्तारी की आशंका के बीच उन्होंने अपने समर्थकों से सोशल मीडिया और सड़कों पर विरोध करने की अपील भी की थी, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया.
बिहार से यूपी लाई जा रही है आरोपी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और मिली शिकायतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है. आरोपी को अब उत्तर प्रदेश लाकर आगे की पूछताछ और न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
इस मामले को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दोनों राज्यों में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है.


