छत्तीसगढ़ में 3 दिन का अलर्ट, तूफानी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे रफ्तार से चलेंगी हवाएं

छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक, कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

छत्तीसगढ़: राज्य में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. बता दें, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य भर में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक, कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है.

क्यों हो रहा मौसम में बदलाव 

मौसम विभाग के अनुसार, बदलते मौसमी सिस्टम के कारण मौसम में ये अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है. वायुमंडल में नमी की मात्रा बढ़ने और स्थानीय स्तर पर बन रहे दबाव के कारण बादलों का घना जमाव देखा जा रहा है. यही वजह है कि आने वाले दिनों में कई जिलों में अचानक मौसम खराब हो सकता है और तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है.

बिजली गिरने का खतरा 

मौसम विभाग का कहना है कि इस तरह के मौसम में बिजली गिरने का खतरा भी बना रहता है. ऐसे में खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. खासतौर पर ग्रामीण और खुले इलाकों में रहने वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है.

बता दें, इस बदलते मौसम का असर राज्य के तापमान पर भी पड़ सकता है. लोगों को तेज हवाओं और बारिश के चलते गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी, लेकिन अचानक मौसम बदलने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं. डॉक्टरों का सुझाव है कि लोग मौसम के अनुसार सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें.

फसलों को नुसकान पहुंचने की आशंका 

कृषि क्षेत्र पर भी इस मौसम का असर पड़ सकता है. तेज हवाओं और बारिश से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नियमित रूप से मौसम अपडेट पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. फिलहाल, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है, ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो