छत्तीसगढ़ में बड़ा बुलडोजर ऐक्शन: अंबिकापुर में 39 अवैध मकान जमींदोज, प्रशासन की सख्त चेतावनी
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि पर बने 39 मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने सख्त चेतावनी भी जारी की है.

रायपुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया. शुक्रवार को जिला प्रशासन ने वन भूमि पर बने 39 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही.
बताया जा रहा है कि इस मामले में वरिष्ठ भाजपा नेता और पार्षद आलोक दुबे की शिकायत के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी और वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा.
चार बुलडोजरों के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम
मिली जानकारी के अनुसार, शहर से लगे डबरीपानी इलाके में बाहरी लोगों द्वारा जंगल की जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा कर मकान बनाकर रहने की शिकायत थी. वन विभाग ने पहले कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए थे, लेकिन तय समय सीमा के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया.
इसके बाद जिला प्रशासन, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की. चार बुलडोजरों की मदद से अवैध निर्माणों को तोड़ने की प्रक्रिया चलाई गई. कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी हलचल देखने को मिली, लेकिन प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए 39 मकानों को जमींदोज कर दिया.
भारी पुलिस बल रहा तैनात
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. प्रशासन ने पूरे अभियान को सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा कराया.
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी और वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रशासन की सख्त चेतावनी
अंबिकापुर प्रशासन ने जिलेभर में अतिक्रमण के खिलाफ चेतावनी भी जारी की है. प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बुलडोजर कार्रवाई के जरिए हटाया जाएगा. साथ ही कार्रवाई में बाधा डालने या विरोध करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी.


