नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मौसम के बदलते मिजाज के बीच रविवार को दिल्लीवासियों को भीषण उमस और चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ा. आसमान से बरसती आग और हवा में मौजूद नमी ने लोगों को इस कदर बेहाल किया कि पसीना थमने का नाम नहीं ले रहा था.
रविवार को कैसा रहा मौसम का हाल
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को भले ही वास्तविक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हवा में भारी उमस के कारण लोगों को असल में 45.1 डिग्री सेल्सियस जैसी झुलसाने वाली गर्मी का अहसास हुआ.
दिल्ली में हीट इंडेक्स पहुंचा 45 डिग्री के पार
रविवार सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख नजर आए, जो दोपहर होते-होते और अधिक तीखे हो गए. सफदरजंग मौसम केंद्र के मुताबिक, रविवार का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री बढ़कर 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस
रिज क्षेत्र दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा. जहां का तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. रात के समय भी लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक, यानी 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दिनभर हवा में नमी का स्तर 31 से 65 प्रतिशत के बीच डोलता रहा. जिसने गर्मी के प्रभाव को कई गुना बढ़ा दिया.
उमस और तीखी धूप की दोहरी मार
रविवार देर शाम दिल्ली के कुछ हिस्सों में मौसम ने करवट ली. पालम में 2.6 मिलीमीटर और आयानगर में 0.3 मिलीमीटर हल्की वर्षा दर्ज की गई. कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई. जिससे कुछ समय के लिए तापमान में मामूली गिरावट आई, लेकिन उमस जस की तस बनी रही.
अभी नहीं मिलेगी राहत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबि दिल्लीवासियों को अगले तीन दिनों तक ऐसी ही भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा. सोमवार को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
लू चलने की भी आशंका
आने वाले दिनों में पारा 43 से 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री तक जा सकता है. जिससे दोपहर के समय लू चलने की भी आशंका है. राहत की बात यह है कि 11 और 12 जून को राजधानी में हल्की बारिश के आसार हैं जिससे तापमान में दोबारा कमी आएगी. First Updated : Monday, 08 June 2026