दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव, 5 अप्रैल को 3 बजे से शुरू होगी सेवा

पीएनबी सोल्जराथॉन 2026 मैराथन के धावकों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो का खास तोहफा. 5 अप्रैल को सुबह 3 बजे से ही मेट्रो ट्रेनें दौड़ने लगेंगी. डीएमआरसी ने अपनी आधिकारिक एक्स अकाउंट पर ये खुशखबरी साझा की है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मैराथन भाग लेने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी समय-सारणी में विशेष बदलाव किया है. रविवार, 5 अप्रैल 2026 को दिल्ली मेट्रो सुबह 3 बजे से ही चलनी शुरू हो जाएगी. यह बदलाव पीएनबी सोल्जराथॉन 2026 मैराथन के मद्देनजर किया गया है, ताकि सुबह जल्दी निकलने वाले लोगों को परिवहन की कोई दिक्कत न हो. आम दिनों की तुलना में इस रविवार को मेट्रो सर्विस पहले शुरू होने से हजारों मैराथन रनर्स को बड़ी राहत मिलेगी.

5 अप्रैल इतने बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो

डीएमआरसी ने जानकारी दी है कि 5 अप्रैल 2026 को दिल्ली मेट्रो सुबह 3 बजे से संचालन शुरू कर देगी. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले पीएनबी सोल्जराथॉन मैराथन की वजह से यह विशेष व्यवस्था की गई है. मैराथन सुबह जल्दी शुरू होने के कारण कई लोग देर रात या सुबह बहुत पहले घर से निकलेंगे. ऐसे में मेट्रो का जल्दी शुरू होना उनकी सुविधा के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा.

सुबह 6 बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें

दिल्ली मेट्रो ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर ट्वीट कर यह जानकारी दी कि 5 अप्रैल को कुछ खास लाइनों पर सुबह 3 बजे से मेट्रो चलनी शुरू हो जाएगी. सुबह 6 बजे तक ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी 30 मिनट के अंतराल पर रहेगी. यह खास सुविधा केवल 5 अप्रैल रविवार के दिन के लिए ही लागू होगी. बाकी दिनों में मेट्रो की सामान्य टाइमिंग बरकरार रहेगी.

मैराथन पहुंचने के लिए कौन-कौन से स्टेशन उपयोगी

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन वॉयलेट लाइन पर स्थित है. यहां से यात्री पैदल ही आसानी से स्टेडियम पहुंच सकते हैं. इसके अलावा जंगपुरा और लाजपत नगर स्टेशन भी स्टेडियम के आसपास हैं. सुबह जल्दी मेट्रो चलने से इन स्टेशनों का उपयोग करने वाले मैराथन भागीदारों को काफी सुविधा मिलेगी.

क्या है पीएनबी सोल्जराथॉन 2026

पीएनबी सोल्जराथॉन दिल्ली 2026 का थीम “सैनिकों के साथ दौड़ो, सैनिकों के लिए दौड़ो” है. यह इवेंट पंजाब नेशनल बैंक की 132वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय सेना के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है. इसमें 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ शामिल हैं.  इस आयोजन के लिए रिपोर्टिंग टाइम सुबह 4:15 बजे है और फ्लैग ऑफ टाइम सुबह 5 बजे से शुरू होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो