3 दिन लगातार बारिश-आंधी, ओले गिरने की चेतावनी! दिल्ली-NCR से यूपी, पंजाब-राजस्थान तक मौसम का बदला मिजाज
दिल्ली में एक बार फिर तीन दिनों तक बारिश का मौका है! उत्तर भारत के कई राज्यों में भी जोरदार बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने वाला है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत पूरे क्षेत्र में मौसम बदलने वाला है.

दिल्ली-एनसीआर में दो दिन के छोटे से ब्रेक के बाद बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय प्रभाव से 2 से 5 अप्रैल के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसका सबसे ज्यादा असर 3 और 4 अप्रैल को उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में दिखाई देगा. बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है.
इस मौसम प्रणाली के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान तक बारिश का असर फैलने वाला है. देश के मध्य भागों में 6 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश होने की आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार, लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों ने मार्च के आखिरी दिनों में भी उत्तर भारत का मौसम बदला रखा था.
दिल्ली में आज और आने वाले दिनों का मौसम
दिल्ली में 2 अप्रैल को बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश नहीं होगी. वहीं 3 अप्रैल को बादलों की गरज और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है. हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. 4 अप्रैल को एक या दो दौर में हल्की बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहेगा. 5 अप्रैल को हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान है और दोपहर से तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर भारत में कब-कहां होगी बारिश
-
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 3-4 तथा 7 अप्रैल को बारिश के आसार हैं.
-
उत्तराखंड में 3 से 5 अप्रैल तक बारिश और आंधी की संभावना है.
-
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3-4 अप्रैल को बारिश होगी.
-
दिल्ली-एनसीआर में 3 और 4 अप्रैल को बारिश का दौर रहेगा.
-
वेस्ट यूपी में 3-5 अप्रैल और पूर्वी यूपी में 4-5 अप्रैल को बारिश होने की उम्मीद है.
-
पूर्वी राजस्थान में 3-4 और 6-7 अप्रैल को बारिश का दौर रहेगा.
-
पश्चिमी राजस्थान में 2-4 और 6-7 अप्रैल को बारिश, बिजली गिरने और ओले पड़ने के आसार हैं.
दिल्ली पर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में मार्च के आखिरी 10 दिनों में 5-6 दिन बारिश देखने को मिली. लगातार पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव बना रहा. हालांकि तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट नहीं आई. हिमालय क्षेत्र में निरंतर पश्चिमी विक्षोभ बन रहे हैं, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी भी जारी है.
हिमाचल प्रदेश से राजस्थान तक मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मध्यम स्तर की बारिश, बादलों की गरज, बिजली गिरने और तेज हवाओं के आसार हैं. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 3-4 तथा 7 अप्रैल को बारिश, बर्फबारी, बिजली और आंधी की संभावना है. उत्तराखंड में 3 से 5 अप्रैल तक बारिश होगी. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 और 4 अप्रैल को फिर बारिश आने की उम्मीद है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4-5 अप्रैल, पूर्वी राजस्थान में 3-4 और 6-7 अप्रैल तथा पश्चिमी राजस्थान में 2-4 और 6-7 अप्रैल को मध्यम बारिश, बिजली और आंधी का अलर्ट है.
पूर्वोत्तर भारत का मौसम
पूर्वोत्तर भारत में अप्रैल के पहले हफ्ते में मौसम बदलने वाला है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. अरुणाचल प्रदेश में 4-5 अप्रैल, असम और मेघालय में 3-5 अप्रैल तथा नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 3 अप्रैल को बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 5-7 अप्रैल को भी बरसात के आसार बने हुए हैं.
दक्षिण भारत में मौसम की स्थिति
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होगी. केरल-माहे में 3 से 5 अप्रैल के बीच, रायलसीमा में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक में भी बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं.


