दिल्ली में तूफान का कहर! एयर इंडिया के 3 विमान हुए डैमेज, ग्राउंड इक्विपमेंट बना खतरा

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर अचानक आए तेज तूफान और भारी बारिश के कारण एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए. तेज हवाओं में ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसककर विमानों से टकरा गए थे.

calender

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार शाम अचानक आए तेज तूफान और भारी बारिश ने बड़ा नुकसान पहुंचाया. खराब मौसम के कारण एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए. बताया जा रहा है कि तेज हवाओं की वजह से ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और पार्क किए गए विमानों से टकरा गए.

टर्मिनल-2 के पास हुआ हादसा

यह घटना शाम करीब 4:40 बजे टर्मिनल-2 के पास पार्किंग बे एरिया में हुई. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवा के चलते सीढ़ियां और अन्य तकनीकी उपकरण नियंत्रण से बाहर हो गए. ये उपकरण एयर इंडिया और इंडिगो की ग्राउंड हैंडलिंग टीम के थे, जो सीधे विमानों से टकरा गए.

तीनों विमानों को जांच के लिए हटाया गया

घटना के तुरंत बाद एयर इंडिया के तीनों A320 विमानों को संचालन से बाहर कर दिया गया. एयरलाइन की तकनीकी टीम अब विमानों की जांच और मरम्मत में जुटी हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार दो विमान जल्द सेवा में लौट सकते हैं, लेकिन एक विमान को ज्यादा नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण उसे लंबे समय तक ग्राउंडेड रखा जा सकता है.

मौसम को लेकर नहीं मिली थी चेतावनी

एयरपोर्ट संचालक DIAL का कहना है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से मौसम खराब होने की कोई पूर्व चेतावनी जारी नहीं की गई थी. आमतौर पर ऐसी चेतावनी मिलने पर एयरलाइंस और ग्राउंड स्टाफ पहले ही उपकरणों को सुरक्षित कर लेते हैं, लेकिन अचानक आए तूफान ने कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं दिया.

दूसरे विमानों को भी हुआ असर

सूत्रों के मुताबिक खराब मौसम की वजह से केवल एयर इंडिया ही नहीं, बल्कि अन्य एयरलाइंस के कुछ विमानों और उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा है. तेज हवाओं के कारण एयरपोर्ट परिसर में कई ग्राउंड मशीनें इधर-उधर खिसक गईं.

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी एयर इंडिया का एक एयरबस ए350 विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर क्षतिग्रस्त हो गया था. उस समय घने कोहरे के बीच टैक्सी करते समय विमान एक खुले बैगेज कंटेनर से टकरा गया था. इस ताजा घटना ने एयरपोर्ट सुरक्षा और खराब मौसम के दौरान उपकरणों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. First Updated : Monday, 08 June 2026

Topics :