Delhi Traffic Alert: आज दिल्ली की इन सड़कों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक का दबाव, देखें पूरी एडवाइजरी

संसद के मानसून सत्र और संभावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है, इसलिए यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: अगर आप सोमवार को दिल्ली में सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें. संसद के मानसून सत्र की शुरुआत और संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में भारी ट्रैफिक रहने की संभावना है. इसी वजह से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है और कुछ प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी है.

सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है. इस दौरान बड़ी संख्या में सांसद, अधिकारी और अन्य वीआईपी संसद भवन पहुंचेंगे. इसके साथ ही कुछ संगठनों की ओर से विरोध-प्रदर्शन की भी घोषणा की गई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा और यातायात दोनों को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि संसद भवन के आसपास कई सड़कों पर दिनभर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रह सकता है. ऐसे में लोगों से अनावश्यक रूप से इन इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है.

इन प्रमुख मार्गों पर रह सकता है भारी ट्रैफिक

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार संसद क्षेत्र के आसपास स्थित कई महत्वपूर्ण सड़कों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है. इनमें रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, संसद मार्ग, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड शामिल हैं. जरूरत पड़ने पर इन मार्गों पर समय-समय पर ट्रैफिक डायवर्जन या वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है. इससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है.

इन चौराहों पर भी बढ़ सकती है भीड़

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुछ प्रमुख चौराहों को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया है, जहां पीक आवर्स के दौरान जाम की स्थिति बन सकती है. इनमें विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन, सुनहरी मस्जिद, पटेल चौक, भगत सिंह चौक, प्राइम चौक, जीआरजी और जलेबी चौक शामिल हैं. इन इलाकों से होकर गुजरने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है ताकि वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.

ट्रैफिक पुलिस ने बताए वैकल्पिक रास्ते

यातायात का दबाव कम करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया है. वाहन चालक जनपथ, मानसिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, मौलाना अबुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, विनय मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्किल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, राम मनोहर लोहिया रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन मार्गों पर ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी.

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें. साथ ही, यात्रा शुरू करने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें. यदि आपका काम संसद क्षेत्र में नहीं है, तो पीक आवर्स के दौरान उस इलाके में जाने से बचें. संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन या सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. इससे न केवल आपका समय बचेगा, बल्कि राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो