दिल्ली में हेड कॉन्स्टेबल की फायरिंग में युवक की मौत, बर्थडे पार्टी में शोर सुनकर चलाई थी गोली
दिल्ली के जाफरपुर कलां में देर रात एक बर्थडे पार्टी में हो रहे शोर को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल की गोली से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.

दिल्ली में देर रात एक मामूली बहस ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जब दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल की सर्विस पिस्टल से चली गोली ने एक युवक की जान ले ली और दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया. यह घटना जाफरपुर कलां इलाके में हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी.
मृतक की पहचान 21 वर्षीय पांडव कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम किशन बताया गया है, जो 29 साल का है. दोनों को तुरंत जाफरपुर कलां स्थित राव तुलाराम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव को मृत घोषित कर दिया. किशन की हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे इलाज के लिए हरिनगर के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया.
हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है. मृतक और घायल के परिवार के सदस्य बिंदापुर इलाके में रहते हैं और मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले के निवासी हैं. पुलिस ने दोनों परिवारों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच तेज कर दी गई है.
जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरी घटना जाफरपुर कलां थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर रात करीब 2 बजे हुई. बताया जा रहा है कि रूपेश कुमार नाम के व्यक्ति के 2 साल के बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए करीब 20 लोग उत्तम नगर से यहां आए थे. केक काटने और पार्टी के बाद लोग अपने-अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे थे. रात के समय बातचीत और हल्के शोर के कारण आसपास रहने वाले आरोपी हेड कॉन्स्टेबल का ध्यान इस ओर गया. वह वहां पहुंचा और लोगों से बहस करने लगा. देखते ही देखते यह बहस बढ़ गई और गुस्से में आकर उसने अपनी पिस्टल निकाल ली.
एक गोली, दो लोग घायल
आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी. गोली सीधे पांडव के सीने में लगी और आर-पार होकर पीछे बैठे किशन के पेट में जा धंसी. उस समय किशन मोटरसाइकिल पर पांडव के पीछे बैठा था. गोली लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल अवस्था में दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पांडव को मृत घोषित कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनके सीने के बाईं ओर गोली लगने के कारण उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई थी.
डीसीपी ने दी घटना की पुष्टि
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस को रात करीब 2:30 बजे अस्पताल से सूचना मिली थी कि दो लोगों को गोली लगी है. पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया कि यह घटना एक विवाद के दौरान हुई.
जांच में पता चला है कि आरोपी का नाम नीरज है, जो मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है. वह पिछले करीब 15 सालों से रावता गांव में रह रहा था. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गोली चलाने में इस्तेमाल की गई पिस्टल उसकी सर्विस पिस्टल थी. फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. जाफरपुर कलां थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है.


