पुराने संसद भवन की छत पर लगी आग, फायर टीम मौके पर पहुंच आग पर पाया काबू

पुराने संसद भवन की छत पर आग लग गई है. खबर फैलते ही चारो-तरफ अफरा तफरी मच गई. यह घटना आज शाम करीब 5:40 बजे की बताई जा रही है. हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: पुराने संसद भवन यानी संविधान सदन की छत पर मंगलवार शाम अचानक आग लग गई. घटना शाम करीब 5:40 बजे की बताई जा रही है. आग लगने से थोड़ी देर के लिए हड़कंप मच गया, हालांकि जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया.

वेल्डिंग के दौरान लगी आग

जानकारी के अनुसार, छत पर मरम्मत का काम चल रहा था. इसी दौरान वेल्डिंग की जा रही थी. वेल्डिंग के समय निकली चिंगारियों की वजह से छत पर आग भड़क उठी. आग शुरू में छोटे क्षेत्र तक सीमित थी, लेकिन देखते ही देखते फैलने लगी.

CISF की फायर टीम ने तुरंत बुझाई आग

CISF की फायर टीम मौके पर तुरंत पहुंच गई और कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. अधिकारियों ने बताया कि आग किसी बड़े स्तर तक नहीं फैली और न ही किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान हुआ है. फिलहाल जांच चल रही है कि आग लगने की वजह क्या रही.

96 साल तक लोकतंत्र का केंद्र रहा संविधान सदन

पुराना संसद भवन अब ‘संविधान सदन’ के नाम से जाना जाता है. यह भवन करीब 96 साल तक भारतीय लोकतंत्र की धड़कन रहा. 1927 में बने इस भवन में भारतीय संविधान का निर्माण और अधिनियमन हुआ था. सितंबर 2023 में नए संसद भवन के उद्घाटन के बाद इसका नाम बदलकर संविधान सदन कर दिया गया.

अब इस ऐतिहासिक भवन का उपयोग संसदीय कार्यक्रमों और म्यूजियम के रूप में किया जाएगा. ब्रिटिश आर्किटेक्ट सर एडविन लुटियंस और सर हरबर्ट बेकर द्वारा डिजाइन किया गया यह भवन 1921 में शुरू होकर 1927 में पूरा हुआ था.

CISF संभाल रही है सुरक्षा

2023 की संसद सुरक्षा चूक के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया था. मई 2024 से पुराने और नए दोनों संसद भवनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंप दी गई है. पहले यह जिम्मेदारी CRPF की विशेष टीम के पास थी. वर्तमान में दोनों भवनों की सुरक्षा CISF के जिम्मे है. आग की इस घटना के बाद सुरक्षा और मरम्मत कार्यों में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो