रैपर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी, 'टटीरी' गाने को लेकर बढ़ा विवाद
मशहूर रैपर बादशाह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. उनके हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर पहले पुलिस केस और महिला आयोग की सख्ती देखने को मिली, वहीं अब सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है.
नई दिल्ली: मशहूर रैपर बादशाह को उनके हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर नया विवाद झेलना पड़ रहा है. पहले इस गाने की कुछ आपत्तिजनक लाइनों को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए थे और पुलिस को निर्देश दिया था कि अगर वह जांच में सहयोग नहीं करते हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए इसके अलावा विदेश यात्रा की स्थिति में उनका पासपोर्ट जब्त करने की बात भी कही गई थी.
अब सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट के जरिए खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने बादशाह को जान से मारने की धमकी दी है. पोस्ट में दावा किया गया कि पहले भी उन्हें फोन पर चेतावनी दी गई थी.
दरअसल, गाने 'टटीरी' की एक लाइन को लेकर लोगों ने आरोप लगाया कि इसमें हरियाणा की महिलाओं को अभद्र तरीके से दिखाया गया है. विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने यह गाना सोशल मीडिया से हटा दिया और वीडियो जारी कर माफी भी मांगी.


