लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने रैपर बादशाह को दी धमकी, कहा- अगली बार माथे में मारेंगे गोली
बॉलीवुड रैपर बादशाह पर हरियाणा पुलिस की गिरफ्तारी का खतरा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की जान से मारने की धमकी बढ़ गई है. इसके अलावा, ‘टटीरी’ गाने को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी है.

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. हाल ही में उन पर हरियाणा पुलिस की गिरफ्तारी का खतरा मंडराने लगा है. वहीं, अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे दी है.
बादशाह के लिए जारी नोट
यह धमकी पानीपत में हुई एक फायरिंग के मामले से जुड़ी बताई जा रही है, जिसकी जिम्मेदारी गैंग ने सीधे तौर पर स्वीकार की है. बिश्नोई गैंग ने बादशाह के लिए जारी किए गए नोट में लिखा है कि असंध रोड, पानीपत में वेस्टर्न यूनियन से जुड़े गैरी और शैंकी के ऑफिस पर फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी रंदीप मलिक और अनिल पंडित (USA) ने ली है. गैंग का आरोप है कि ये लोग हवाला के जरिए देश का पैसा विदेश भेजकर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे थे.
गैंग ने दावा किया कि इससे पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उनका संदेश समझा नहीं गया. नोट में आगे लिखा गया कि यह घटना केवल एक “ट्रेलर” है और पूरी “पिक्चर” अभी बाकी है. गैंग ने चेतावनी दी है कि जो भी लोग हवाला का काम करते हैं, उन्हें समय रहते सुधर जाना चाहिए नहीं तो अंजाम बुरा होगा.
बादशाह को धमकी
साथ ही बादशाह को भी धमकी दी गई है. गैंग ने नोट में लिखा कि सिंगर ने हरियाणा की संस्कृति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है. 2024 में उनके क्लब में उन्हें “ट्रेलर” दिखाया गया था और अगली बार सीधे उनके माथे में गोली मारने की चेतावनी दी गई. नोट में Lawrence Bishnoi Group और गैंगस्टरों के नामों को सलाम करते हुए उल्लेख किया गया.
इसी बीच, बादशाह हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर हरियाणा महिला आयोग के रुख का भी सामना कर रहे हैं. आयोग ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि यदि बादशाह जांच में सहयोग नहीं करते हैं, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए. महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर बादशाह का पासपोर्ट जब्त किया जा सकता है ताकि वह देश छोड़कर न जा सकें.
‘टटीरी’ गाने को लेकर माफी मांग चुके बादशाह
बादशाह पहले ही ‘टटीरी’ गाने को लेकर माफी मांग चुके हैं. उन्होंने एक वीडियो जारी कर खुद को प्राउड हरियाणवी बताया और कहा कि उनका इरादा कभी किसी हरियाणा के बच्चे या महिला को अपमानित करने का नहीं था. उन्होंने देशभर में हुई प्रतिक्रिया के बाद इस मामले में सार्वजनिक माफी भी मांगी.
इस तरह, बादशाह पर अब एक ओर कानूनी दबाव और दूसरी ओर जान से मारने की धमकी है, जिससे उनकी सुरक्षा और करियर दोनों ही खतरे में नजर आ रहे हैं.


