संकट के बीच सरकार ने लिया बड़ा फैसला, PNG कनेक्शन वाले ग्राहकों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर
सरकार ने आदेश दिया है कि जिन लोगों के पास PNG कनेक्शन है, वे घरेलू LPG कनेक्शन नहीं रख सकेंगे और उन्हें अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा. सरकार ने गैस की सप्लाई सुचारू रखने और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि तेल और गैस की कोई कमी नहीं होगी.

देश में गैस आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं के बीच सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के साथ-साथ घरेलू LPG कनेक्शन भी है, वे दोनों सुविधाएं एक साथ नहीं रख सकेंगे. ऐसे उपभोक्ताओं को अपना घरेलू LPG कनेक्शन तत्काल प्रभाव से सरेंडर करना होगा.
सरकार का क्या कहना है?
साथ ही उन्हें किसी भी सरकारी तेल कंपनी या उसके डिस्ट्रीब्यूटर से घरेलू LPG सिलेंडर की रिफिलिंग कराने की अनुमति भी नहीं होगी. सरकार का कहना है कि यह कदम गैस की उपलब्धता को बेहतर बनाने और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक LPG की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है.
सरकार ने यह भी साफ किया है कि जिन लोगों के घरों में पहले से PNG की सुविधा मौजूद है, उन्हें LPG सिलेंडर रखने की आवश्यकता नहीं है. इसलिए ऐसे कनेक्शनों को खत्म कर गैस संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जाएगा. अधिकारियों का मानना है कि इससे उन परिवारों को राहत मिलेगी जिन्हें वास्तव में LPG सिलेंडर की जरूरत है और जो अभी भी PNG नेटवर्क से नहीं जुड़े हैं.
इसी बीच LPG सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी को लेकर भी प्रशासन सख्त हो गया है. गुजरात के प्रभारी डीजीपी ने सूरत में कहा कि पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई व्यक्ति या समूह LPG सिलेंडरों की जमाखोरी करता या उन्हें ब्लैक मार्केट में बेचता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार की कृत्रिम कमी न पैदा हो.
कलेक्टरों और जिला आपूर्ति अधिकारियों संग बैठक
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कलेक्टरों, जिला आपूर्ति अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ बैठक की गई है. बैठक में यह निर्देश दिए गए हैं कि LPG एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूटरों के वाहनों को रास्ते में अनावश्यक रूप से न रोका जाए, ताकि गैस की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रह सके. इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित हों और उनमें किसी प्रकार का लीकेज न हो.
उधर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी लोगों को भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी. गुना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आश्वस्त किया है कि तेल, केरोसिन और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि सरकार गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सिंधिया ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री की कूटनीतिक पहल के कारण भारत के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य का मार्ग खुला है, जिससे देश को तेल और गैस की आपूर्ति में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी.


