LPG संकट जल्द होगा खत्म, होर्मुज स्ट्रेट पार कर 92 हजार टन गैस लेकर जहाज भारत पहुंचने को तैयार
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत को बड़ी राहत, दो भारतीय जहाज शिवालिक और नंदा देवी. 92,700 टन LPG लादकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर चुके हैं और अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं.

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास पैदा हुई अनिश्चितता के बीच भारत को बड़ी राहत मिली है. भारत के झंडे वाले दो जहाज करीब 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर सुरक्षित रूप से हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं और अब तेजी से भारत की ओर बढ़ रहे हैं. इन जहाजों के आने से देश में एलपीजी की आपूर्ति पर पड़ने वाले संभावित दबाव में कुछ कमी आने की उम्मीद जगी है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक ये दोनों जहाज अगले दो दिनों में गुजरात के प्रमुख बंदरगाहों पर पहुंच जाएंगे, जिससे घरेलू और व्यावसायिक स्तर पर गैस की उपलब्धता को मजबूती मिलेगी.
दो भारतीय जहाज सुरक्षित पहुंचे हॉर्मुज से आगे
शिपिंग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत के झंडे वाले जहाज शिवालिक और नंदा देवी एलपीजी की भारी खेप लेकर आ रहे हैं. इन जहाजों ने देर रात या आज सुबह के शुरुआती घंटों में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित पार किया. दोनों जहाजों में कुल 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी लदा हुआ है, जिसे गुजरात के बंदरगाहों पर उतारा जाएगा.
मुंद्रा और कांडला बंदरगाहों पर उतरेगी खेप
अधिकारियों के अनुसार जहाज शिवालिक 16 मार्च को मुंद्रा बंदरगाह पहुंचेगा, जबकि नंदा देवी 17 मार्च को कांडला बंदरगाह पर डॉक करेगी. शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि फिलहाल फारस की खाड़ी क्षेत्र में 24 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद थे, जिनमें से अब दो भारत की ओर रवाना हो चुके हैं.
फारस की खाड़ी में बाकी 22 जहाज
राजेश कुमार सिन्हा के अनुसार अब फारस की खाड़ी में 22 भारतीय झंडे वाले जहाज बाकी हैं. इन जहाजों पर कुल 611 भारतीय नाविक तैनात हैं और सभी सुरक्षित हैं. पिछले 24 घंटों में किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली है.
एलपीजी सप्लाई पर सरकार की पैनी नजर
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी सप्लाई चिंता का विषय बनी हुई है. हालांकि अभी तक देश में कहीं भी गैस खत्म होने की स्थिति सामने नहीं आई है. उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा घबराहट में गैस बुकिंग कराने के कारण मांग अचानक बढ़ गई है.
सरकार के अनुसार पहले जहां एलपीजी की बुकिंग करीब 75 से 76 लाख थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 88 लाख तक पहुंच गई है. सरकार लगातार स्थिति पर नजर रख रही है ताकि आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो. अधिकारियों ने यह भी कहा कि देश में कच्चे तेल की पर्याप्त उपलब्धता है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं.
पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और देश में इनके पर्याप्त भंडार मौजूद हैं. भारत अपनी जरूरत के अनुसार पेट्रोल और डीजल का उत्पादन खुद करता है, इसलिए इनके आयात की आवश्यकता नहीं पड़ती. जहां व्यावसायिक उपभोक्ताओं को एलपीजी सप्लाई में दिक्कत हो रही है, वहां उन्हें पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज की जा रही है.
तमिलनाडु सरकार की राहत योजना
तमिलनाडु सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट और चाय की दुकानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है. राज्य सरकार ने कहा है कि जो होटल और रेस्टोरेंट कमर्शियल एलपीजी की जगह बिजली से चलने वाले इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें बिजली पर प्रति यूनिट 2 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी.अतिरिक्त मुख्य सचिव जे. राधाकृष्णन ने बताया कि यह सब्सिडी तब तक जारी रहेगी जब तक केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल एलपीजी के इस्तेमाल पर लगाए गए प्रतिबंध लागू रहेंगे. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन लगातार समीक्षा मीटिंग कर रहे हैं.


