मौसम ने ली करवट: कहीं झमाझम बारिश, कहीं तेज हवाएं..., यहां चेक करें आने वाले 7 दिन का IMD अलर्ट
देशभर में मौसम ने अचानक पलटी मारी है. बढ़ती गर्मी के बीच रविवार को आसमान ने झमाझम बारिश बरसाकर सबको हैरान कर दिया. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार से ही लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से खास राहत मिली है.

रविवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई. रफी मार्ग, पार्लियामेंट स्ट्रीट, चिराग दिल्ली, मान सिंह रोड, पटपड़गंज, पीरागढ़ी समेत एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में सुबह से ही झमाझम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में 5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी. गहरे बादलों के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया है.
इस अचानक मौसम परिवर्तन से लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. IMD का अनुमान है कि बादलों की मौजूदगी और लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
VIDEO | Delhi woke up to pleasant weather after light rain. Morning visuals from Peeragarhi area.
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/zXY8sEScj7
— Press Trust of India (@PTI_News) March 15, 2026
अचानक मौसम कैसे बदला?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह बदलाव पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय वायुमंडलीय गतिविधियों के कारण हुआ है. इसे 'पश्चिमी विक्षोभ' कहा जाता है, जो उत्तरी भारत में बारिश, आंधी-तूफान और तापमान में तेज उतार-चढ़ाव लाता है. दिल्ली में दिन भर मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हवा के झोंके 50 किमी/घंटा तक भी पहुंच सकते हैं. वहीं नोएडा और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की बारिश और बादल छाए रहने की उम्मीद है.
⚠️ IMD Weather Warning !
Western Disturbance is likely to impact the Western Himalayan region and adjoining plains on 15–16 March.
⛈️ Isolated thunderstorms
⚡ Lightning activity
💨 Gusty winds
🌨️ Possibility of hailstorms
Residents and travelers are advised to stay updated… pic.twitter.com/kx6LwNcv8V
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 14, 2026
आने वाले हफ्ते में उत्तर पश्चिम भारत का मौसम
15 से 20 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश जारी रह सकती है. 15, 16, 18 और 19 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में, 15 से 19 मार्च तक हिमाचल प्रदेश में और 14, 16, 18 तथा 19 मार्च को उत्तराखंड में गरज-बिजली के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है. 15 से 19 मार्च के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में, 15-16 मार्च को उत्तर प्रदेश में, 14, 15, 18 और 19 मार्च को पश्चिमी राजस्थान में तथा 18-19 मार्च को पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है. 15 और 18 मार्च को हिमाचल प्रदेश में, 15-16 मार्च को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तथा 16 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओले गिरने की भी आशंका है.
पूर्वोत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी का अनुमान
अगले 5-6 दिनों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 14 और 15 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में वर्षा दर्ज की जा सकती है. अगले दो दिनों में अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. 14 और 15 मार्च को असम-मेघालय में गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी है. 14 और 16 मार्च को नागालैंड और मिजोरम में भी बारिश के आसार हैं.
पूर्वी और मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना
14 से 18 मार्च तक पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-बिजली के साथ 30-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं वाली हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 15 और 18 मार्च को पश्चिमी मध्य प्रदेश में, 15 से 18 मार्च तक पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में, 15 से 17 मार्च तक मराठवाड़ा में तथा 18 मार्च को तेलंगाना में बारिश, गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं. 16 मार्च को पश्चिमी झारखंड, ओडिशा और 16-17 मार्च को पश्चिम बंगाल में, 17-18 मार्च को बिहार में 70 किमी/घंटा तक की हवाओं के साथ गरज की प्रबल संभावना है. 16 मार्च को पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की बहुत ज्यादा आशंका जताई गई है.
दक्षिण भारत में भी बारिश और गरज की चेतावनी
15 से 18 मार्च तक तेलंगाना में, 16 मार्च को तटीय आंध्र प्रदेश में, 17-18 मार्च को कर्नाटक में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश, गरज-बिजली और 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना है. 15-16 मार्च को केरल और माहे में तथा 17-18 मार्च को तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.


