दिल्ली रूप नगर में फुटओवर ब्रिज ढहा, एक महिला नाले में बही, रेस्क्यू टीम ने शुरू किया ऑपरेशन
दिल्ली के रूप नगर इलाके में आज बड़ा हादसा हो गया. एक फुट ओवरब्रिज अचानक ढह गया, जिससे एक महिला नाले में जा गिरीं. अभी तक उनकी तलाश जारी है. राहत दल पूरी ताकत से जुटे हुए हैं, इलाके में अफरा-तफरी मची हुई है.

दिल्ली के रूप नगर इलाके में एक नाले के ऊपर बना पुराना लोहे का पैदल पुल अचानक ढह गया. इस घटना में एक महिला पुल पर मौजूद थी, जो गिरते पुल के साथ नाले में बह गई. महिला की तलाश में राहत और बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं, जबकि इलाके में भारी भीड़ और तनाव का माहौल है.
दिल्ली अग्निशमन सेवा और पुलिस के अनुसार, यह पुराना फुट ओवरब्रिज मदर डेयरी के पास ब्लॉक 3 में स्थित था, जिसके गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बचाव अभियान में एनडीआरएफ की टीम भी शामिल है और अधिकारियों ने क्षेत्र को सील कर दिया है ताकि कोई और दुर्घटना न हो.
Delhi | An old iron footbridge over a drain in Block 3 near Mother Dairy in Rupnagar, Delhi, collapsed. A woman fell into the drain and is being searched for. Fire engines are present at the scene: Delhi Police
— ANI (@ANI) March 17, 2026
दिल्ली अग्निशमन सेवा ने क्या बताया?
दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 9:30 बजे ओवरब्रिज गिरने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर कई दमकल गाड़ियां पहुंचीं. अधिकारियों ने बताया कि जिस समय ये ब्रिज गिरा, उस समय एक महिला उस पर मौजूद थी और वह नीचे नाले में गिर गई.
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, दिल्ली पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के कर्मियों सहित बचाव दल को तुरंत महिला की तलाश में लगाया गया है. अधिकारियों ने आगे की दुर्घटनाओं को रोकने और चल रहे बचाव कार्यों में सुविधा प्रदान करने के लिए इलाके की घेराबंदी की है.
दिल्ली पुलिस का आधिकारिक बयान
इस घटना पर दिल्ली पुलिस का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा, दिल्ली के रूपनगर में मदर डेयरी के पास ब्लॉक 3 में एक नाले के ऊपर बना पुराना लोहे का पैदल पुल गिर गया. एक महिला नाले में गिर गई और उसकी तलाश जारी है. दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं.
पुरानी घटनाओं से जुड़ी यादें ताजा
इस हादसे ने दिल्ली में पुलों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले नवंबर 2018 में दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर बड़ा हादसा हुआ था और पुल से गिरकर 2 युवकों की मौत हुई थी. ये युवक केटीएम बाइक पर थे और डिवाइडर से टकराकर पुल से नीचे गिर गए थे. इनकी पहचान डॉक्टर सत्या विजय शंकरन और चंद्रशेखर के रूप में हुई थी. डॉक्टर सत्या की उम्र 23 साल थी और वह दिल्ली के हिंदू राव अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे थे. वहीं चंद्रशेखर दिल्ली के खानपुर के रहने वाले थे.
ये मामला इसलिए भी चर्चा में रहा था क्योंकि इस घटना के कुछ समय पहले अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इस पुल का उद्घाटन किया था.


