नोरा फतेही-संजय दत्त का अश्लील गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' यूट्यूब से हुआ डिलीट, NHRC ने जारी किया नोटिस
फिल्म 'केडी: द डेविल' का प्रमोशनल गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' का हिंदी वर्जन यूट्यूब से हटा दिया गया है. यह गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा कर दिया, जिसके कारण NHRC ने नोटिस जारी किया.

नई दिल्ली: कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' का प्रमोशनल गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' सोशल मीडिया पर छाया रहा, लेकिन गलत तरीके से. नोरा फतेही और संजय दत्त फीचर वाले इस आइटम सॉन्ग के बोल और डांस स्टेप्स को बहुत से लोगों ने अश्लील और फूहड़ बताया. गाने में नोरा पल्लू सरकाते हुए डांस करती दिख रही हैं, जिसे देखकर लोग भड़क उठे. कई यूजर्स ने इसे युवाओं पर बुरा असर डालने वाला करार दिया.
यूट्यूब से हिंदी वर्जन हटा
विरोध और आलोचना बढ़ने के बाद मेकर्स ने गाने के हिंदी वर्जन को यूट्यूब से हटा दिया. 16 मार्च 2026 तक यह वीडियो उपलब्ध था, लेकिन अब सर्च करने पर 'वीडियो उपलब्ध नहीं है' या प्राइवेट का मैसेज आता है. हैरानी की बात यह है कि तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में गाने के वर्जन अभी भी यूट्यूब पर देखे जा सकते हैं. लोगों का कहना है कि यह एक्शन आधा-अधूरा लग रहा है.
NHRC ने जारी किया नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस गाने पर संज्ञान लिया है. आयोग ने फिल्म टीम को नोटिस भेजा है, क्योंकि गाने में कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक बोल इस्तेमाल किए गए हैं. सोशल एक्टिविस्ट और वकील ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया कि गाना सेक्स को बढ़ावा देता है और समाज पर गलत प्रभाव डालता है.
शिकायत में इन लोगों पर भी कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने गाने से जुड़े सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. इसमें लिरिसिस्ट रकीब आलम, डायरेक्टर प्रेम, कंपोजर अर्जुन जान्या और सिंगर मंगली शामिल हैं. साथ ही सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से भी शिकायत की गई है. आरोप है कि ऐसे गाने नाबालिगों को गलत कंटेंट से रूबरू कराते हैं.
सेलेब्स और नेटिजन्स का ट्रोल
इंटरनेट पर गाने को बुरी तरह ट्रोल किया गया. लोग कह रहे हैं कि बोल इतने घटिया है कि भोजपुरी गाने भी इससे बेहतर लगते हैं. सिंगर अरमान मालिक ने कहा कि इससे कमर्शियल सॉन्ग राइटिंग का स्तर गिर गया है. पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी मजाक उड़ाया. नोरा फतेही ने अपने इंस्टाग्राम से गाने का वीडियो हटा लिया है.
मेकर्स और सेलेब्स चुप
अभी तक फिल्म मेकर्स, संजय दत्त या नोरा फतेही ने इस विवाद पर कोई बयान नहीं दिया है. यह गाना फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा था, लेकिन अब विवाद के कारण इसे हिंदी में हटाना पड़ा. सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि क्या अन्य भाषाओं के वर्जन भी हटेंगे?


