गोरखपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद का गोलियों-चाकू से दिनदहाड़े मर्डर

गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर और चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी. हमलावर मौके पर रुके रहे और फिर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: गोरखपुर से मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक व्यक्ति, जो रोज की तरह सुबह टहलने निकला था, उसे बदमाशों ने घेरकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

यह घटना गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके की है. यहां रहने वाले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान हर दिन की तरह सुबह टहलने के लिए निकले थे. उन्हें क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी दिन होगा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ हमलावर पहले से ही वहां छिपकर बैठे थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे.

जैसे ही राजकुमार वहां पहुंचे, चारों तरफ से बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाए. हमलावरों ने पहले उन पर गोली चलाई, जो सीधे उनके सिर पर लगी. इसके बाद भी बदमाश नहीं रुके और चाकुओं से उन पर कई वार किए.

जान बचाने की कोशिश भी रही नाकाम

घायल होने के बावजूद राजकुमार ने हिम्मत नहीं हारी. वह खून से लथपथ हालत में करीब 100 मीटर तक भागते रहे, ताकि किसी तरह अपनी जान बचा सकें. लेकिन हमलावर लगातार उनका पीछा करते रहे. कुछ ही दूरी पर उन्हें फिर से घेर लिया गया और बेरहमी से हमला जारी रखा गया. आखिरकार, लगातार हमलों के कारण राजकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. यह पूरा मंजर इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग सहम गए और कोई भी आगे बढ़कर मदद करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया.

हत्यारों का बेखौफ रवैया

इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हमलावरों ने वारदात के बाद भी कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई. बताया जा रहा है कि वे कुछ देर तक मौके पर ही रुके रहे और यह सुनिश्चित किया कि राजकुमार की मौत हो चुकी है. इसके बाद वे आराम से वहां से फरार हो गए. इस तरह की निर्भीकता ने स्थानीय लोगों के बीच डर और भी बढ़ा दिया है. लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत राजकुमार को अस्पताल ले जाया गया. उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया.

वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है. वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो