दिल्ली फिर दहलाने की थी साजिश? यूपी के मामा-भांजे आतंकी शहजाद के संपर्क में, खुफिया एजेंसियों ने पकड़ा

मेरठ और हापुड़ से पुलिस ने मामा-भांजे अजीम राणा और आजाद अली को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी के साथ मिलकर देश में आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे. दोनों को पकड़कर पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

दिल्ली के मंदिरों की रेकी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. हापुड़ के अजीम राणा और उसके भांजे मेरठ के आजाद अली को पकड़ने के बाद पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, अजीम राणा पिछले छह माह से पाकिस्तान के आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था.

शहजाद भट्टी के कहने पर अजीम ने दिल्ली के सनातन धर्म मंदिर की रेकी की और वीडियो बना उसे भेजी थी. इसके अलावा नोएडा और दिल्ली की कुछ अन्य वीडियो भी साझा की गई थीं. शहजाद भट्टी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए भी काम करता है और भारत में कुछ आतंकी हमलों में भी उसकी भूमिका रही है.

अजीम राणा की गिरफ्तारी

हापुड़ एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि अजीम राणा को देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण मंगलवार को उठाया गया था. एटीएस और आईबी की पूछताछ के बाद उसके भांजे आजाद अली को भी दबोच लिया गया. उनसे बरामद मोबाइल में संदिग्ध सूचनाएं पाकिस्तान भेजने की पुष्टि हुई है.

शहजाद भट्टी का नेटवर्क

अजीम राणा का संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से छह माह पहले हुआ था. शहजाद भट्टी ने आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए अंबाला में आरडीएक्स जुटाया था. इसी का दिल्ली विस्फोट में इस्तेमाल किया गया था.

लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र

शहजाद से बातचीत की वीडियो कॉल रिकार्डिंग मिली है, जिसमें अजीम राणा और उसका भांजा आजाद अली वीडियो कॉल पर बात कर रहे हैं. इसी वीडियो में दोनों ने शहजाद भट्टी से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को लेकर बात करते हुए कहा कि लॉरेंस का कुछ करो भाई, इस लॉरेंस ने आतंक मचा रखा है और बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी.

आजाद का मैसेज

आजाद अली के अजीम से व्हाट्सएप पर बातचीत के कुछ मैसेज टीम ने रिकवर किए हैं. इसमें आजाद ने अजीम को समझाया कि शहजाद जैसे लोगों से बचकर रहो. ऐसे लोग सिर्फ इस्तेमाल करते हैं और हमारे लिए ये सब ठीक नहीं है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो