दिल्ली में इंसानियत शर्मसार! सड़क पर तड़पता रहा शख्स, मदद की बजाय मोबाइल लेकर भागे युवक

दिल्ली के विकास नगर में एक व्यक्ति सड़क पर गिरकर तड़पता रहा, लेकिन मदद करने के बजाय दो युवकों ने उसकी जेब से मोबाइल चुरा लिया. घंटों तक सहायता न मिलने से उसकी मौत हो गई. घटना CCTV में कैद है.

calender

नई दिल्ली: दिल्ली के विकास नगर इलाके से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति सड़क पर गिरकर तड़पता रहा, लेकिन उसकी मदद करने के बजाय कुछ लोगों ने उसकी जेब से मोबाइल निकाल लिया और उसे वहीं छोड़कर चले गए. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है.

यह मामला आउटर दिल्ली के रनहोला थाना क्षेत्र का है. शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक व्यक्ति सड़क पर चलते हुए अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि वह जमीन पर गिरने के बाद काफी देर तक तड़पता रहा. अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे दिल का दौरा या मिर्गी जैसा कोई अटैक आया होगा. उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, इसलिए उसे तुरंत मदद नहीं मिल सकी.

इंसानियत को किया शर्मसार

कुछ समय बाद एक स्कूटी पर सवार दो युवक वहां से गुजरे. उन्होंने सड़क पर पड़े व्यक्ति को देखा और स्कूटी रोक दी. ऐसा लगा जैसे वे उसकी मदद करने के लिए रुके हों. लेकिन जो हुआ, उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया. स्कूटी से उतरा एक युवक घायल व्यक्ति के पास गया और उसकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया. इतना ही नहीं, वह दोबारा लौटा और उसकी जेब टटोलने लगा, मानो पैसे या अन्य सामान की तलाश कर रहा हो. इसी दौरान उसकी नजर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी. कैमरा देखकर दोनों युवक घबरा गए और वहां से तुरंत भाग निकले.

घंटों तक नहीं मिली सहायता

घटना के बाद वह व्यक्ति कई घंटों तक वहीं पड़ा रहा. किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की. सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे, तब उन्होंने सड़क पर पड़े व्यक्ति को देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. व्यक्ति की मौत हो चुकी थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके.

पुलिस की कार्रवाई

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. फुटेज में दिख रहे युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. आसपास के इलाकों में पूछताछ भी की जा रही है. यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या हम संवेदनहीन होते जा रहे हैं? अगर समय पर मदद मिल जाती, तो शायद उस व्यक्ति की जान बचाई जा सकती थी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपात स्थिति में तुरंत मदद करें और मानवता का परिचय दें. First Updated : Tuesday, 03 February 2026