दिल्ली में बारिश से मिली गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का पारा सामान्य से थोड़ा ऊपर था। यह मौसमी औसत से 0.1 डिग्री और पिछले दिन से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: रविवार को दिल्ली के मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर तेज धूप के बाद शाम को हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट इलाके में भी बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरे शहर में मौसम सुहाना हो गया।  

तापमान में मामूली गिरावट, गर्मी बरकरार   

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का पारा सामान्य से थोड़ा ऊपर था। यह मौसमी औसत से 0.1 डिग्री और पिछले दिन से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा। यानी हल्की बारिश के बावजूद हवा में नमी और गर्मी बनी रही।  

दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। IMD ने पहले ही बता दिया था कि शहर में आंशिक बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक होगी और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

दिन में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कभी-कभी 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने कोई औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन स्थानीय स्तर पर तूफान और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।  

जून के आखिर तक दस्तक देगा मॉनसून    

दिल्ली में आमतौर पर मॉनसून जून के आखिरी हफ्ते में पहुंचता है। इस बार भी अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच राजधानी में दस्तक देगा। इसके बाद दिल्ली के साथ NCR के नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी एक साथ बारिश शुरू हो जाएगी। IMD का कहना है कि मॉनसून के पहुंचते ही तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी।  

देशभर में मॉनसून की रफ्तार तेज  

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब देश के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। यह मध्य-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी को कवर करते हुए असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पहले ही सक्रिय हो गया है।  

अगले हफ्ते केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। खासतौर पर कर्नाटक के कुछ जिलों में 8 से 10 जून के बीच 7 से 20 सेमी तक बारिश हो सकती है।  

प्री-मॉनसून बारिश ने उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले हफ्तों में पूरे देश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो