दिल्ली में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, IMD ने हल्की बारिश का लगाया अनुमान, येलो अलर्ट जारी

दिल्ली में हल्की बारिश और येलो अलर्ट के चलते लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं, जबकि केरल समेत कई राज्यों में भी गर्मी का असर तेज हो गया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी के बीच राहत की उम्मीद मिली है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए हल्की बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान जारी करते हुए ‘येलो अलर्ट’ घोषित किया है. इससे राजधानी में बढ़ते तापमान के बीच कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है. 

विभाग का क्या कहना है? 

सुबह से ही शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिले. विभाग का कहना है कि दिन के अंतिम हिस्से में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है. वहीं अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों और पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी हवाएं और हल्की धुंध बनी हुई है. इन इलाकों से आए धूल के कणों ने वातावरण को प्रभावित किया है, जिससे हवा की गुणवत्ता में भी गिरावट दर्ज की गई है.

विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर जैसे क्षेत्रों में हाल के दिनों में आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिसका असर दिल्ली के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है. स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान और बढ़ सकता है. उनके अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे कुछ क्षेत्रों में लू चलने की स्थिति बन सकती है.

दक्षिणी हिस्से में गर्मी का असर तेज 

इधर, देश के दक्षिणी हिस्से में भी गर्मी का असर तेज होता जा रहा है. केरल में भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने 19 अप्रैल तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, पलक्कड़ में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जबकि कोल्लम में 39 और कोट्टायम में 38 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है.

इसके अलावा अलाप्पुझा, पथानमथिट्टा, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है. तिरुवनंतपुरम में भी पारा 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक बना रह सकता है और पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश जगहों पर गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो