नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी के होटल अग्निकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फ्लोरिस स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल के मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। यह एक्शन 21 लोगों की मौत वाले भीषण हादसे के बाद लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे के बाद पुलिस ने लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया था। ताकि दोनों देश छोड़कर भाग न सकें। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी थीं। अब मालिक के पकड़े जाने के बाद जांच में तेजी आने की उम्मीद है।
यह हादसा मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में फ्लोरिस स्टे होटल में हुआ था। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद कई लोग बाहर नहीं निकल पाए। हादसे में 21 लोगों ने जान गंवा दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि होटल बिना फायर NOC के चल रहा था। फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं थे।
जांच में एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। होटल को सिर्फ 6 कमरे चलाने की परमिशन थी। लेकिन मौके पर करीब 25 कमरे बनाए गए थे। तय क्षमता से चार गुना ज्यादा कमरे चलाए जा रहे थे। भीड़ ज्यादा होने की वजह से आग लगने पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक बिल्डिंग में सेफ्टी नियमों की जमकर अनदेखी की गई थी। पूरी बिल्डिंग में एंट्री और एग्जिट का सिर्फ एक ही रास्ता था। आग लगने पर लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। एक ही गेट होने से रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कत आई। दमकल की टीम को अंदर जाने में परेशानी हुई।
गौरतलब है कि इस केस में पुलिस पहले ही गैर इरादतन हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर चुकी है। अब होटल मालिक की हिरासत के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नियम तोड़ने और लापरवाही के पीछे और कौन-कौन जिम्मेदार है। हादसे में होटल स्टाफ और प्रशासन की भूमिका की भी जांच हो रही है। First Updated : Wednesday, 03 June 2026