नई दिल्ली: मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण होटल अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया. दक्षिण दिल्ली के हौज रानी स्थित बहुमंजिला इमारत ‘माइकासा होम्स’ में लगी आग में अभी तक कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं.
आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों के पास जान बचाने के लिए बालकनी से कूदने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा. सोशल मीडिया पर सामने आए डरावने वीडियो में लोग चीखते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग नीचे गद्दे बिछाकर उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
एक वीडियो में एक महिला अपने बच्चे को बचाने के लिए इमारत से छलांग लगाती नजर आई. यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद दर्दनाक था.
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए राहत कार्य में मदद की. कई लोगों ने रस्सियां फेंकीं, तो कुछ ने सड़क पर गद्दे और कपड़े बिछाकर लोगों को सुरक्षित नीचे उतरने में मदद की.
स्थानीय निवासी ओम ने बताया, “सुबह करीब 9:30 बजे हमने देखा कि इमारत में भयंकर आग लगी हुई थी. लोग अलग-अलग मंजिलों से कूद रहे थे. एक व्यक्ति का पैर भी टूट गया. पूरा इलाका धुएं और अफरा-तफरी से भर गया था.”
दक्षिण जिला एसडीएम और डीडीएमए अधिकारी जितेंद्र कुमार के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चल रहा था. शुरुआती जानकारी के अनुसार आग वहीं से फैलने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है.
दमकल विभाग, पुलिस और राहत टीमें लगातार बचाव अभियान में जुटी हुई हैं. आम आदमी पार्टी नेता सोमनाथ भारती ने बताया कि अब तक 27 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. उन्होंने कहा कि इमारत में वैकल्पिक निकास मार्ग नहीं होने के कारण लोगों को जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से कूदना पड़ा. फिलहाल घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है. First Updated : Wednesday, 03 June 2026