नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई. इस दौरान हादसे में कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर सामने आई है, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. बता दें, घटना के समय आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग भी लगा दी. इसी बीच होटल को लेकर एक बड़ा चौंकाने वाला खुलासा हुआ है.
बता दें, घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और घंटों तक राहत बचाव कार्य चलाया गया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका. वहीं प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 9 बजे लगी थी. हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है और जांच एजेंसियां मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही हैं.
इसी बीच हादसे को लेकर एक अहम खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि होटल को दिल्ली सरकार की ओर से ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ योजना के तहत लाइसेंस मिला था, जिसके अंतर्गत केवल सिर्फ छह कमरों को ही बनाने की अनुमति दी गई थी. लेकिन होटल में कथित तौर पर 25 कमरे चलाए जा रहे थे. इतना ही नहीं, कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे. ऐसे में होटल में सुरक्षा मानकों के पालन और नियमों के उल्लंघन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
आग में झुलसे लोगों को मैक्स अस्पताल, एम्स ट्रॉमा सेंटर और पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है.
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल सक्रिय किया गया और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था. इसके साथ ही सरकार ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा भी जताया है. First Updated : Wednesday, 03 June 2026