आज IPL मैच की वजह से दिल्ली में कई रास्ते बंद, इन रूट्स पर जाने से पहले चेक करें एडवाइजरी

आज दिल्ली में IPL मैच के कारण ट्रैफिक पुलिस ने खास एडवाइजरी जारी की है. अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स की रोमांचक टक्कर के चलते कई सड़कें बंद रहेंगी. भारी भीड़ की संभावना है, इसलिए यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी गई है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

दिल्ली में आज इंडियन प्रीमियर लीग का रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है, जिसके चलते राजधानी की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सख्त कर दिया गया है. दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले इस मैच को लेकर अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मैच के दौरान केंद्रीय दिल्ली में भारी भीड़ और जाम की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है. यह डे-नाइट मैच दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक चलेगा, जिससे बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचेंगे और प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है.

इन मार्गों पर प्रतिबंध संभव

यातायात पुलिस के अनुसार स्थिति के आधार पर दोपहर एक बजे से रात नौ बजे तक बहादुर शाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर यातायात प्रतिबंध और परिवर्तन लागू किए जा सकते हैं. इसके अलावा कई मार्गों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जिनमें शामिल हैं-  

  • दरियागंज से दिल्ली गेट चौक  

  • दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक  

  • आईटीओ से दिल्ली गेट तक

इन मार्गों से बचने की सलाह

यात्रियों को निम्न मार्गों से बचने की सलाह दी गई है-  

  • राजघाट से दिल्ली गेट मार्ग  

  • तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट मार्ग  

  • दिल्ली गेट से आईटीओ मार्ग

स्टेडियम में प्रवेश व्यवस्था

स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश गेट के अनुसार निर्धारित किया गया है-  

  • गेट एक से आठ : बहादुर शाह जफर मार्ग से प्रवेश

  • गेट दस से पंद्रह : जवाहरलाल नेहरू मार्ग (अंबेडकर स्टेडियम बस अड्डा के पास)

  • गेट सोलह से अठारह : बहादुर शाह जफर मार्ग से प्रवेश  

पार्किंग व्यवस्था

स्टेडियम के पास सामान्य वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा. पार्किंग के लिए जेपी पार्क, विक्रम नगर और जे जे बी प्रयास कार्यालय के पास स्थान निर्धारित किए गए हैं.

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बचें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो