दिल्ली एयरपोर्ट पर 232 यात्रियों भरी स्विस एयर फ्लाइट के इंजन में लगी भयानक आग, 6 यात्री घायल

25 अप्रैल की रात दिल्ली एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा हो गया. एक विमान टेक-ऑफ के लिए रनवे पर दौड़ रहा था, तभी उसके इंजन नंबर 1 में अचानक आग लग गई. इस दौरान विमान में कुल 232 यात्री सवार थे.

calender

नई दिल्ली: शनिवार देर रात दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा हो गया. स्विस एयर की फ्लाइट LX147 दिल्ली से ज्यूरिख जा रही थी. जब विमान टेक-ऑफ के लिए रनवे पर दौड़ रहा था, तभी उसके इंजन नंबर 1 में अचानक आग लग गई. उस समय विमान की स्पीड करीब 104 नॉट्स थी. पायलट ने बहुत तेज सोच दिखाते हुए तुरंत टेक-ऑफ रद्द कर दिया और विमान को रनवे पर ही रोक लिया. विमान में कुल 232 यात्री सवार थे.

इमरजेंसी स्लाइड से निकाले गए यात्री

आग लगने के तुरंत बाद इमरजेंसी प्रोसीजर शुरू किया गया. सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए विमान से बाहर निकाला गया. इस प्रक्रिया के दौरान 6 यात्री घायल हो गए. घायलों को तुरंत मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

सभी यात्रियों की जान बच गई, लेकिन घटना ने हर किसी को डरा दिया. स्विस एयर की टीम ने यात्रियों को सुरक्षित होटल में ठहराने और उनकी आगे की यात्रा का इंतजाम करने के लिए एक टास्क फोर्स बना दी है.

रनवे बंद होने से उड़ानें प्रभावित

इस हादसे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट का रनवे नंबर 28 बंद कर दिया गया है. इससे कई अन्य उड़ानों का समय प्रभावित हुआ है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया है.

इंजन में आग लगने का कारण 

विमान के इंजन में आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल सका है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), स्विस एयर और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. तकनीकी खराबी की वजह से इंजन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है.

यह घटना दिल्ली एयरपोर्ट पर हाल के समय में हुई सबसे बड़ी सुरक्षा घटनाओं में से एक है. यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. स्विस एयर ने बयान जारी कर कहा है कि यात्री सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और सभी जरूरी मदद दी जा रही है.

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि रनवे को जल्द से जल्द साफ करके दोबारा खोलने की कोशिश की जा रही है. इस बीच यात्री अपनी उड़ानों के नए समय की जानकारी एयरलाइंस से ले रहे हैं. First Updated : Sunday, 26 April 2026