भीषण गर्मी से कब मिलेगी राहत मौसम विभाग ने बताया दिल्ली में मानसून की एंट्री की तारीख, यूपी-उत्तराखंड के लिए चेतावनी जारी

दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और उमस से बढ रही गर्मी के बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर एक बड़ी जानकारी साझा की है. IMD के अनुसार 4 जुलाई की तारीख राहत लेकर आ सकती है.

calender

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में जून का महीना खत्म होने वाला है, लेकिन लोगों को भीषण गर्मी से अभी राहत नहीं मिली है. तेज धूप और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. राजधानी में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि 'फील्स लाइक' तापमान 51 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है. ऐसे में हर किसी की नजर मानसून पर टिकी हुई है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली वालों के लिए 4 जुलाई की तारीख राहत लेकर आ सकती है.

4 जुलाई तक दिल्ली पहुंच सकता है मानसून

मौसम का अनुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, यदि मौसम की परिस्थितियां अनुकूल रही तो दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जुलाई तक दिल्ली पहुंच सकता है. स्काईमेट के मौसम एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि सामान्य तौर पर मानसून 27 या 28 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसमें करीब एक सप्ताह की देरी हो रही है. यही वजह है कि राजधानी में गर्मी और उमस लगातार बनी हुई है.

अगले कुछ दिनों में बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग ने 29 जून को दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी. इसी दौरान मानसून उत्तर भारत के कई और इलाकों में भी दस्तक दे सकता है.

उत्तर भारत के कई राज्यों में बढ़ेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान तक पहुंच सकता है. इससे इन क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

यूपी और उत्तराखंड के लिए IMD का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अभी भी लू चलने की संभावना जताई गई है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.

उत्तराखंड में भी कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

गर्मी से राहत का इंतजार

दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है. यदि मौसम विभाग और स्काईमेट का अनुमान सही साबित होता है तो 4 जुलाई के आसपास राजधानी को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. First Updated : Monday, 29 June 2026

Topics :