बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी महिला डॉक्टर गिरफ्तार; कार से AK-47 बरामद
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार की गई महिला का नाम डॉ. शाहीन शाहिद है, जिसकी कार से AK-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद हुए है. आरोपी महिला लखनऊ के लालबाग इलाके की रहने वाली है और आतंकी नेटवर्क में उसकी भूमिका काफी अहम बताई जा रही है.

लखनऊ: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार की गई महिला का नाम डॉ. शाहीन शाहिद है, जिसकी कार से AK-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद हुए है. आरोपी महिला लखनऊ के लालबाग इलाके की रहने वाली है और आतंकी नेटवर्क में उसकी भूमिका काफी अहम बताई जा रही है.
पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने की कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, डॉ. शाहीन शाहिद का संपर्क डॉ. मुजम्मिल नाम के व्यक्ति से था, जो कुछ समय पहले हरियाणा से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉ. मुजम्मिल इस महिला की कार का इस्तेमाल करता था. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यूपी पुलिस, हरियाणा पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की है.
आतंकी षड्यंत्र का पर्दाफाश
हाल ही में एजेंसियों ने हरियाणा के फरीदाबाद में एक बड़े आतंकी षड्यंत्र का पर्दाफाश किया था. इस ऑपरेशन में पुलिस ने डॉक्टर मुजम्मिल को गिरफ्तार किया था. आतंकी मुजम्मिल फरीदाबाद में फतेहपुर तगा रोड पर किराए के मकान में रह रहा था. सोमवार को उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उस घर में छापेमारी की, जहाँ से 360 किलो विस्फोटक मिला है. इसके अलावा कैननकाप राइफल, 5 मैगजीन, एक पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए है.
मौके से 8 बड़े सूटकेस, 4 छोटे सूटकेस, बाल्टी, टाइमर बैटरी के साथ, रिमोट, वॉकी-टॉकी सेट, इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य सामान मिला है. यह सब देखकर पुलिस को शक है कि मुजम्मिल किसी बड़ी आतंकी साजिश की तैयारी में था.
खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस सतर्क
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार डॉक्टरों और उनके साथियों का संबंध जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गज़वत-उल-हिंद (AGuH) जैसे आतंकी संगठनों से है. फिलहाल, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शाहीन शाहिद को श्रीनगर ले जाकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है. लखनऊ में उनकी गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस सतर्क हो गए हैं.
अबतक 8 लोग हुए गिरफ्तार
अब तक की कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गज़वत-उल-हिंद से जुड़े इस अंतरराज्यीय आतंकी नेटवर्क के कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें तीन डॉक्टर भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और भी तेज कर दी है.


