माता विष्णो देवी के दरबार में वीडियो बनाने वाली इन्फ्लुएंसर पर FIR दर्ज
जम्मू स्थित Shri Mata Vaishno Devi Temple की पवित्र गुफा के अंदर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक इंफ्लुएंसर को महंगा पड़ गया. श्राइन बोर्ड की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नई दिल्ली: वैष्णो देवी भवन की पवित्र गुफा के भीतर किसी भी प्रकार की फोटो, वीडियो रिकॉर्डिंग या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना सख्त प्रतिबंधित है. इसके बावजूद इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर शिखा रस्तोगी ने गुफा के अंदर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. इस घटना के बाद श्राइन बोर्ड ने एफआईआर दर्ज करवाई और पुलिस जांच में जुट गई है. कटड़ा से लगभग 12 किलोमीटर की यात्रा के दौरान बाणगंगा और दर्शनी ड्योढ़ी सहित कई चेक प्वाइंट्स पर श्रद्धालुओं की सख्त तलाशी ली जाती है. यात्रा के दौरान शराब, मांसाहार, तंबाकू, हथियार और प्लास्टिक ले जाना भी प्रतिबंधित है. सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि वीडियो स्पाई कैमरे से रिकॉर्ड किया गया हो सकता है, क्योंकि भवन के अंदर पेन या स्मार्ट वॉच तक ले जाना मना है. फिलहाल जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी.


