रायपुर: एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पश्चिमी जोन के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (DCP) राहुल देव शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान 50 वर्षीय साजिद अली, उनकी पत्नी राबिया और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं. फोरेंसिक टीम भी मौके से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
जानकारी के अनुसार, हाल के महीनों में देश के अलग-अलग राज्यों से भी परिवार के कई सदस्यों की एक साथ मौत के ऐसे मामले सामने आए हैं. कुछ समय पहले पंजाब के मानसा जिले में भी एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई थी. इसी तरह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में एक रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी और इंजीनियर बेटे के शव उनके घर से बरामद हुए थे.
पुलिस जांच में सामने आया था कि परिवार अपने बेटे के भविष्य और स्थायी नौकरी न मिलने की चिंता से परेशान था. अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें संपत्ति के बंटवारे का जिक्र किया गया था. उस मामले में भी पुलिस ने विभिन्न पहलुओं, यहां तक कि साजिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच की थी.
वहीं, पिछले महीने मध्य प्रदेश के इंदौर में घरेलू विवाद से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया था. पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति नेअपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली. बाद में महिला के कथित प्रेमी ने भी आत्महत्या कर ली थी. जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट में पति ने पत्नी के विवाहेतर संबंधों का जिक्र करते हुए एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए थे.लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है. फिलहाल ताजा मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी. First Updated : Saturday, 18 July 2026