कैसी है सोनम वांगचुक की हालत? सफदरगंज अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट, जानिए क्या बोले डॉक्टर
लगातार 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली पुलिस द्वारा सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल ने आधिकारिक स्वास्थ्य अपडेट जारी करते हुए बताया है कि वह कमजोर हो गए हैं.

नई दिल्ली: लगातार 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने जानकारी दी कि ये कार्रवाई उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए की गई है. अब अस्पताल ने आधिकारिक स्वास्थ्य अपडेट जारी करते हुए बताया है कि लंबे समय तक उपवास और शरीर में पानी की कमी के कारण वह कमजोर हो गए हैं, हालांकि फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.
सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल अपडेट में कहा गया है कि सोनम वांगचुक को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भर्ती किया गया है. अस्पताल के अनुसार, लगातार उपवास और डिहाइड्रेशन की वजह से उनके शरीर पर असर पड़ा है और वे शारीरिक रूप से काफी कमजोर महसूस कर रहे हैं. अस्पताल ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन शरीर के जरूरी पैरामीटर्स को सामान्य स्तर पर लाने के लिए लगातार इलाज और मेडिकल निगरानी की आवश्यकता है. डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है.
Delhi | Safdarjung Hospital: "Mr Sonam Wangchuck has been admitted at Safdarjung hospital for required health care. He is weak due to prolonged fasting and dehydration. Although he is currently stable, he requires continuous observation, monitoring and treatment to restore his… https://t.co/sXiXpmMfwB pic.twitter.com/UsoOpXtexZ
— ANI (@ANI) July 18, 2026
दिल्ली पुलिस ने क्यों कराया अस्पताल में भर्ती?
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम जंतर-मंतर पहुंची और सोनम वांगचुक को वहां से अस्पताल लेकर गई. पुलिस का कहना है कि यह कदम दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के आधार पर उठाया गया. नई दिल्ली जिला पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य उनकी जान और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना था.
कार्रवाई के दौरान हुआ विरोध प्रदर्शन
जब पुलिस वांगचुक को अस्पताल ले जाने पहुंची, तब प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया. 'कॉकरोच जनता पार्टी' के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताई. कुछ देर के लिए मौके पर तनाव का माहौल भी बना. हालांकि पुलिस ने कहा कि उसने पूरे घटनाक्रम के दौरान संयम बनाए रखा और बिना किसी बड़ी अप्रिय घटना के वांगचुक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से की अपील
दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते समय कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी. इसके बावजूद पुलिस ने शांति और धैर्य के साथ पूरी कार्रवाई पूरी की. साथ ही पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन स्थल खाली करें.
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिए थे सख्त निर्देश
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने दो दिन पहले ही सरकार और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की प्रतिदिन सरकारी डॉक्टरों से जांच कराई जाए. अदालत ने कहा था कि किसी भी नागरिक का जीवन बेहद महत्वपूर्ण है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि यदि मेडिकल रिपोर्ट में स्वास्थ्य बिगड़ने के संकेत मिलते हैं तो डॉक्टरों की सलाह के अनुसार तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएं.


