'कनाडा-मेक्सिको बाहर', ट्रंप बोले-अगले FIFA वर्ल्ड कप की मेजबानी अमेरिका को मिलनी चाहिए

न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टॉवर में आयोजित फीफा से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने भविष्य में होने वाले फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि अगला टूर्नामेंट फिर से अमेरिका को मिलना चाहिए.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टॉवर में आयोजित फीफा से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने भविष्य में होने वाले फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि अगला टूर्नामेंट फिर से अमेरिका को मिलना चाहिए. इसके साथ ही ट्रंप ने ये भी कहा कि इस बार मेजबानी में कनाडा और मेक्सिको को शामिल नहीं किया जाना चाहिए.

डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी पर लोगों ने कैसे किया रिएक्ट 

बता दें, डोनाल्ड ट्रंप ने यह टिप्पणी फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो की मौजूदगी में दी. वहीं उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी. इसके बाद उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि अगर अमेरिका अकेले मेजबानी नहीं कर पाए तो चीन के साथ साझेदारी भी एक विकल्प हो सकती है. उन्होंने हंसते हुए कहा कि ऐसा होने पर मैचों के बीच यात्रा की दूरी भी कम हो जाएगी . उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाकर हंसने लगें .

कार्यक्रम के दौरान फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने भी ट्रंप की सराहना की. उन्होंने कहा कि 2026 का फीफा वर्ल्ड कप अमेरिकन ड्रीम की भावना को दर्शाता है और टूर्नामेंट के सफल आयोजन में अमेरिकी प्रशासन के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

4-1 के साथ बाहर हुई थी टीम अमेरिका 

ट्रंप और इन्फेंटिनो के रिश्ते पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं. कुछ समय पहले ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने इन्फेंटिनो से बातचीत कर अमेरिकी फुटबॉलर फोलारिन बालोगुन पर लगे रेड कार्ड के निलंबन को हटाने का अनुरोध किया था. इसके बाद बालोगुन अगले मुकाबले में मैदान पर उतरे, हालांकि अमेरिकी टीम बेल्जियम से 4-1 की हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गई. 

दरअसल, 2026 फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको ने संयुक्त रूप से किया है. अब टूर्नामेंट अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और रविवार को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। ट्रंप ने कहा है कि वह इस फाइनल मैच को देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद रहेंगे. 

2030-2034 में कौन करेगा मेजबानी?

इस बीच फीफा 2030 विश्व कप की मेजबानी मोरक्को, पुर्तगाल और स्पेन को सौंप चुका है, जबकि 2034 संस्करण की मेजबानी सऊदी अरब करेगा। वहीं 2038 फीफा वर्ल्ड कप के मेजबान देश का अभी चयन नहीं हुआ है. ऐसे में ट्रंप की टिप्पणी ने भविष्य में विश्व कप की मेजबानी को लेकर नई बहस को जन्म दे दिया है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो