Delhi Floods Alert: राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे शहर के कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. शुक्रवार को कालिंदी कुंज और यमुना के किनारे स्थित नए इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए और पानी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गया. NDRF की चार टीमों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया और अब तक लगभग 1180 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. NDRF अधिकारी राजिंदर सिंह ने बताया कि NDRF और प्रशासन ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं, यहां चार टीमें तैनात की गई हैं और हमने लगभग 1180 लोगों को बचाया है. हमें उम्मीद है कि जलस्तर कम होगा. दिल्ली के कई इलाके जलमग्न हैं, जिनमें सिविल लाइंस, यमुना बाजार और वासुदेव घाट शामिल हैं. अधिकारियों ने पंपिंग मशीनों के माध्यम से जल निकासी शुरू कर दी है.