Fuel Shortage India: अफवाह से मचा हड़कंप, पेट्रोल-डीजल की किल्लत की सच्चाई क्या है?
मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों ने लोगों में डर पैदा कर दिया, जिससे पंपों पर लंबी कतारें और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर अफवाहों ने लोगों को परेशान कर दिया है. मध्य प्रदेश के शाजापुर, इंदौर और देवास जैसे शहरों में अचानक पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी. शाजापुर में कुछ पंपों की सप्लाई रुकने की खबर फैलते ही बाकी पंपों पर लंबी कतारें लग गईं. इंदौर में सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के कारण लोग घबराकर ईंधन भरवाने पहुंच गए. वहीं देवास में हालात इतने बिगड़ गए कि धक्का-मुक्की और मारपीट तक हो गई. हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें. पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.


