मथुरा में 'फरसा वाले बाबा' की मौत पर बवाल, हाईवे जाम और पथराव
यूपी के मथुरा में गौरक्षक संत 'फरसा वाले बाबा' की मौत के बाद भारी बवाल मच गया. जहां पुलिस इसे कोहरे में हुआ हादसा बता रही है, वहीं समर्थक इसे साजिशन हत्या मानकर विरोध कर रहे हैं.
मथुरा: मथुरा में गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है. घटना 22 मार्च तड़के की है, जब बाबा कोसी क्षेत्र में एक कंटेनर की जांच कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार यह हादसा घने कोहरे के कारण हुआ, जबकि समर्थकों का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर कुचला गया है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आगरा-दिल्ली हाईवे जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव किया. हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. प्रदर्शनकारियों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.


