मथुरा हादसे ने लिया हिंसक मोड़... फरसा वाले बाबा की मौत के बाद अफवाहों से बवाल, 13 गिरफ्तार

मथुरा में कोहरे के कारण हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद फैली अफवाहों ने माहौल बिगाड़ दिया, जिससे हिंसा और जाम की स्थिति बनी. पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Shraddha Mishra

मथुरा: मथुरा में हुए एक सड़क हादसे ने न सिर्फ दो जिंदगियां छीन लीं, बल्कि उसके बाद फैली अफवाहों ने पूरे इलाके का माहौल भी बिगाड़ दिया. शुरुआत में यह एक साधारण दुर्घटना थी, लेकिन कुछ ही घंटों में गलत खबरों ने इसे तनावपूर्ण स्थिति में बदल दिया, जिससे पुलिस को सख्त कदम उठाने पड़े.

यह घटना कोसीकला थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात की है. पुलिस के अनुसार, घने कोहरे के कारण दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं, इस दुर्घटना में घायल ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया.

अफवाहों ने बिगाड़ा माहौल

हादसे के बाद कुछ लोगों ने इसे गौतस्करी से जोड़ते हुए अफवाह फैलानी शुरू कर दी. देखते ही देखते यह खबर तेजी से फैल गई और इलाके में तनाव बढ़ने लगा. पुलिस का कहना है कि यह पूरी तरह से एक दुर्घटना थी, जिसका किसी अन्य गतिविधि से कोई संबंध नहीं है. अफवाहों के असर से कुछ लोग भड़क गए और उन्होंने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. इतना ही नहीं, पुलिस पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं. हालात बिगड़ते देख पुलिस को सख्ती करनी पड़ी और स्थिति को नियंत्रित किया गया.

पुलिस की कार्रवाई, 13 लोग गिरफ्तार

इस पूरे मामले में थाना छाता क्षेत्र में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य लोगों की पहचान कर रही है, जो इस उपद्रव में शामिल थे. जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मथुरा के बाहर का रहने वाला एक युवक अपने साथियों के साथ आश्रम पहुंचा था और वहां अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने उसे और उसके तीन साथियों को भी हिरासत में लेकर केस दर्ज किया है.

प्रशासन की सख्ती और अपील

मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि हादसे के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रक चालक की मौत भी इसी दुर्घटना के कारण हुई है. अफवाहों को पूरी तरह गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि इन्हीं झूठी खबरों की वजह से इलाके में अशांति फैली. 

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सेक्टर स्कीम लागू कर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और उसे आगे साझा करने से बचें. साथ ही चेतावनी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो