70 का बूढ़ा दूल्हा, 20 की नई दुल्हन...गाजियाबाद में सपा नेता ने किया चौथा निकाह, दूसरी बीवी ने थाने पहुंचकर किया बवाल
गाजियाबाद से एक सपा नेता के चौथे निकाह का मामला सामने आया है. 70 वर्षीय नेता ने 20 वर्षीय लड़की से चौथी शादी की है. हालांकि इस शादी से दूसरी पत्नी ने आपत्ति जताई है और पुलिस के पास न्याय का गुहार लगाया है.

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक सपा नेता के चौथे निकाह ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया है. 70 वर्षीय हाजी खलील ने 20 वर्षीय यासमीन से शादी की है. इस खबर के सामने आने के बाद उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और उत्पीड़न व धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई.
चौथे निकाह पर शुरू हुआ विवाद
हाजी खलील कैला भट्टा क्षेत्र के रहने वाले हैं और पूर्व पार्षद रह चुके हैं. उन्होंने हाल ही में 20 साल की युवती यासमीन से चौथा निकाह किया. इस शादी के बाद परिवार में कलह बढ़ गई. दूसरी पत्नी नाजरीन ने आरोप लगाया कि खलील उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं.
नाजरीन का कहना है कि 1991 में उनका निकाह हुआ था. उस समय हाजी खलील ने यह छिपाया था कि उनकी पहली पत्नी और आठ बच्चे पहले से हैं. नाजरीन से उनके तीन बच्चे हैं.
1991 में धोखे का आरोप
नाजरीन ने पुलिस को बताया कि खलील ने 1991 में पहली शादी का सच छिपाकर दूसरा निकाह किया था. बाद में साल 2010 में उन्होंने तीसरी शादी भी की, लेकिन संतान न होने पर उस पत्नी को तलाक दे दिया. अब चौथी शादी के बाद संपत्ति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है.
मेहर की संपत्ति पर छिड़ा संग्राम
नाजरीन का मुख्य आरोप है कि जो प्रॉपर्टी उन्हें मेहर में मिली थी, उसी पर हाजी खलील और नई दुल्हन यासमीन की नजर है. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों मिलकर साजिश रच रहे हैं. विरोध करने पर उन्हें और उनके बेटे को घर से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. महिला ने अपनी और बच्चों की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है.
हाजी खलील का राजनीतिक इतिहास
हाजी खलील गाजियाबाद की स्थानीय राजनीति के पुराने खिलाड़ी हैं. वे 1995 और 2000 में इस्लामनगर वार्ड से पार्षद रह चुके हैं. उन पर पहले भी नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप लग चुके है.
पुलिस ने शुरू की जांचपुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शिकायत मिल गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.


