वाराणसी: कॉलेज में BSc छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या... पिता ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, मांगा इंसाफ

वाराणसी के एक कॉलेज में निजी विवाद के चलते एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद कैंपस में हिंसा भड़क उठी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है.

Shraddha Mishra

वाराणसी से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक मामूली विवाद ने इतना खतरनाक रूप ले लिया कि एक छात्र की जान चली गई. यह घटना उदय प्रताप कॉलेज में हुई, जहां शुक्रवार को बीए चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि यह हमला उसी कॉलेज के एक छात्र ने किया. 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बेहद करीब से गोली चलाई और लगातार कई राउंड फायर किए. गोली लगने के बाद सूर्य प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल छात्र को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया. हालांकि डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. 

वारदात के बाद आरोपी फरार

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया. बताया जा रहा है कि उसने भागते समय हथियार को पास के इलाके में फेंक दिया, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया. फिलहाल आरोपी और उसके एक सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश जारी है.

परिवार का गुस्सा, कैंपस में भड़की हिंसा

वहीं, मृतक के पिता ने साफ कहा कि जब तक आरोपी को पकड़ा नहीं जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. घटना के बाद कॉलेज में माहौल बिगड़ गया. गुस्साए छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुख्य गेट को बंद कर दिया. इस दौरान कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कई शिक्षकों के साथ भी हाथापाई हुई. एक शिक्षक को चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और लोगों को शांत कराने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला दो छात्रों के बीच निजी विवाद का परिणाम लग रहा है.

इस घटना ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक छात्र परिसर के अंदर हथियार कैसे लेकर पहुंचा. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो