'मैं MLA-MP नहीं, चरण सिंह का सपना पूरा करने आया हूं' JDU छोड़ केसी त्यागी ने RLD किया जॉइन, BJP की बढ़ी टेंशन!
वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने JDU को अलविदा कह RLD की सदस्य्ता ग्रहण कर ली है. आज बैठक के बाद उन्होंने यह ऐलान किया है. यस सदस्य्ता उन्होंने जयंत चौधरी की मौजदगी में ली है.

नई दिल्ली: वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) को अलविदा कह दिया है. उन्होंने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) की सदस्यता ग्रहण कर ली है. आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस कदम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है.
RLD में शामिल होने का फैसला
केसी त्यागी लंबे समय से जेडीयू से जुड़े रहे हैं. वे पूर्व सांसद और राज्यसभा सदस्य भी रह चुके हैं. हाल ही में उन्होंने जेडीयू से इस्तीफा दिया था. 22 मार्च को दिल्ली के मावलंकर हॉल में समर्थकों के साथ बैठक के बाद उन्होंने आरएलडी जॉइन करने का ऐलान किया. जयंत चौधरी की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ, जहां त्यागी ने पार्टी का प्राथमिक सदस्यता पत्र ग्रहण किया.
आरएलडी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है, इसलिए केसी त्यागी एनडीए के साथ ही बने रहेंगे, लेकिन उनका यह कदम जाट और त्यागी समुदाय के वोट बैंक को मजबूत करने की दिशा में देखा जा रहा है.
केसी त्यागी ने क्या कहा?
पार्टी में शामिल होते ही केसी त्यागी ने भावुक होकर कहा कि चौधरी चरण सिंह ने बहुत कम उम्र में उन्हें हापुड़ से चुनाव लड़ने का टिकट दिया था. उन्होंने आर्थिक मदद भी की थी. त्यागी ने कहा, "मैं अब सांसद या विधायक बनने के लिए नहीं आया हूं. मैं जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह की तरह देखकर आरएलडी में आया हूं."
उन्होंने याद किया कि 1974 में लोक दल बनने के समय वे चरण सिंह के मंच पर मौजूद थे. 52 साल बाद अब वे जयंत चौधरी के साथ नई शुरुआत कर रहे हैं. उनका मकसद चौधरी परिवार की विरासत को आगे बढ़ाना है.
जयंत चौधरी की तारीफ और न्योता
पिछले हफ्ते केसी त्यागी की लिखी एक किताब का विमोचन हुआ था, जिसमें जयंत चौधरी मुख्य अतिथि थे. उस समय जयंत ने कहा था कि हर राजनीतिक दल को केसी त्यागी जैसे अनुभवी और समर्पित नेताओं की जरूरत होती है. आरएलडी ने त्यागी को पार्टी में आने का खुला न्योता दिया था.
जयंत चौधरी ने स्वागत करते हुए कहा कि त्यागी का अनुभव और चौधरी परिवार से पुराना नाता आरएलडी को मजबूती देगा. यह कदम पश्चिमी यूपी में पार्टी की स्थिति को और बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा.
पश्चिमी यूपी पर असर की उम्मीद
केसी त्यागी का आरएलडी में शामिल होना पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में बदलाव ला सकता है. वे चौधरी चरण सिंह, अजीत सिंह और अब जयंत चौधरी से जुड़े रहे है. उनका यह फैसला 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है.


